बिहार भोज के दौरान विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या, कई घायल

बिहार भोज के दौरान विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या, कई घायल
बिहार के नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि दोनों पक्षों के करीब आठ अन्य लोग घायल हो गए।

बिहारशरीफ, 16 मई (आईएएनएस)। बिहार के नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि दोनों पक्षों के करीब आठ अन्य लोग घायल हो गए।

पुलिस इस मामले में 11 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, यह मामला पुनहा गांव का है। बताया जाता है कि गांव में एक गृह प्रवेश समारोह का आयोजन था। दोनों पक्ष के लोग भोज में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान दो लोगों के बीच मजाक चल रहा था, जो व्यक्तिगत हो गया। इसी दौरान व्यक्तिगत हमलों को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

इस घटना में कथित तौर पर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। इस घटना में आठ लोग घायल हो गए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। बताया गया कि घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए एक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पुनहा गांव निवासी अनिल चौधरी के 25 वर्षीय पुत्र रवि कुमार को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही रहुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पक्ष के 11 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि शुक्रवार देर रात सूचना मिली थी कि किसी बात को लेकर अनिल चौधरी और बाल्मीकि चौधरी पक्ष के बीच मारपीट हुई है। घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया गया कि साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है और एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच कर रही है।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएस

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 May 2026 12:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story