बिहार कांग्रेस ने एनडीए सरकार के खिलाफ किया विरोध-प्रदर्शन, 'लोकतंत्र की हत्या' का लगाया आरोप
पटना, 17 मार्च (आईएएनएस)। बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को एनडीए सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। इस अवसर पर राजेश राम ने कहा कि एनडीए सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का काम कर रही है।
बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने आरोप लगाया कि जनता के जनादेश का सम्मान करने के बजाय सत्ता में बने रहने के लिए तरह-तरह की साजिशें रची जा रही हैं। राजेश राम ने हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों और राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस विधायकों के वोट न दे पाने की स्थिति को एक सोची-समझी साजिश और "लोकतंत्र की हत्या" करार दिया।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में भाजपा का एक ही 'स्टाइल' बन चुका है, चुनी हुई सरकारों को गिराना और विपक्ष के विधायकों को तोड़ना। उन्होंने एकनाथ शिंदे प्रकरण और गोवा का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा जहां भी सत्ता में होती है, वहां इसी तरह के हथकंडे अपनाती है।
प्रदेश अध्यक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने केंद्रीय एजेंसियों और जिला प्रशासन का उपयोग कर कांग्रेस विधायकों पर दबाव बनाया। उन्होंने बताया कि विधायकों को डराने, धमकाने और यहां तक कि 'हाउस अरेस्ट' जैसी स्थिति में रखने की कोशिश की गई ताकि वे वोट न दे सकें। कई विधायकों के आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
उन्होंने कहा कि जो विधायक भाजपा के प्रलोभन में नहीं आए, उन्हें डराया-धमकाया गया और प्रशासनिक रास्तों से रोकने की कोशिश की गई। यह सीधे तौर पर जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों के अधिकारों का हनन है।
राजेश राम ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इन दमनकारी नीतियों के सामने झुकने वाली नहीं है। उन्होंने कहा, "भाजपा चाहे कितना भी दबाव बना ले, हम जनता की आवाज उठाते रहेंगे और उनके इस 'अलोकतांत्रिक स्टाइल' का डटकर मुकाबला करेंगे।" इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे और सभी ने एनडीए सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 March 2026 4:59 PM IST












