बिहार गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा; पांच बच्चियां डूबीं, एक का शव बरामद, चार की तलाश जारी
मुंगेर, 24 जून (आईएएनएस) बिहार के मुंगेर जिले के वासुदेवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा घाट पर बुधवार को गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। स्नान करने गई पांच बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और तेज धारा में बहकर लापता हो गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने एक बच्ची का शव बरामद कर लिया है, जबकि चार अन्य की तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के श्यामपुर निवासी क्रांति पासवान की चार पुत्रियां तथा चमकलाल पासवान की एक बेटी गंगा स्नान करने श्यामपुर घाट पहुंची थीं। स्नान के दौरान सभी बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं। घाट पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंगा की तेज धारा के कारण कोई सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही घाट पर चीख-पुकार और कोहराम मच गया।
बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस प्रशासन ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ तथा जिला गोताखोरों की टीम को घटनास्थल पर रवाना किया। गंगा में लापता बच्चियों की तलाश के लिए सघन खोज अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एक बच्ची का शव नदी से बरामद कर लिया गया है जबकि अन्य चार बच्चियों की तलाश जारी है। डूबने वाली बच्चियों में क्रांति पासवान की पुत्री संगीता कुमारी (18), बिनीता कुमारी (16), संध्या कुमारी (14) और सोनम कुमारी (12) शामिल बताई जा रही हैं। इसके अलावा चमकलाल पासवान की पुत्री हिना कुमारी (19) के भी गंगा में डूबने की आशंका जताई जा रही है। विशेष रूप से इस घटना में एक ही परिवार की चार सगी बहनों के लापता होने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि बचाव दल लगातार नदी में खोजबीन कर रहा है और लापता बच्चियों का पता लगाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है तथा बड़ी संख्या में लोग गंगा घाट पर जमे हुए हैं। पुलिस पूरे मामले की निगरानी कर रही है।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 Jun 2026 1:01 PM IST












