बिहार गया में कपल से बदसलूकी मामले में आठ गिरफ्तार, वीडियो वायरल करने वालों पर भी होगी कार्रवाई
गया, 30 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र में पहाड़ी इलाके में घूमने गए युवक-युवती को घेरकर बदसलूकी, गाली-गलौज और मारपीट किए जाने के मामले में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चार नाबालिग और चार व्यस्क शामिल हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की।
गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि शेरघाटी थाना क्षेत्र के चापी गांव स्थित पहाड़ी इलाके में युवक और युवती घूमने गए थे। इसी दौरान कुछ स्थानीय युवकों ने युवक के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। घटना का वीडियो भी बनाया गया और बाद में इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। एसएसपी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में शेरघाटी एसडीपीओ और थानाध्यक्ष की टीम गठित कर तत्काल छापेमारी की गई।
पुलिस ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे आठ संलिप्त लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार नाबालिग और चार बालिग हैं। सभी के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान युवकों पर कपल की बाइक की चाबी छीनने, गाड़ी के टायर की हवा निकालने और दोनों को काफी देर तक वहां रोके रखने का भी आरोप है। वायरल वीडियो में गाड़ी के प्लग निकाले जाने की बात भी सुनाई दे रही है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन को भी बरामद कर लिया है।
एसएसपी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे लिंक को टेकडाउन कराने के लिए संबंधित पक्ष को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि कुछ यूट्यूबर्स और अन्य सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं द्वारा युवती का चेहरा बिना ब्लर किए वीडियो प्रसारित किए जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में शामिल युवक और युवती दोनों बालिग हैं और आपस में मित्र हैं। दोनों केवल घूमने के लिए चापी के पहाड़ी इलाके में गए थे।
एसएसपी ने कहा कि घटना के संबंध में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घटना से संबंधित वीडियो या पीड़ितों की पहचान उजागर करने वाली सामग्री को सोशल मीडिया पर साझा न करें। पुलिस की ओर से वायरल सामग्री को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Sept 2026 1:45 PM IST












