बिहार के सीएम सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल में अनुभवी और युवा जोश का दिख रहा मेल
पटना, 7 मई (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में गुरुवार एक भव्य समारोह में सीएम सम्राट चौधरी कैबिनेट का विस्तार किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में राज्यपाल ने 32 नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
सीएम सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल में एनडीए के सभी सहयोगी दलों को संतुष्ट करने की कोशिश की गई है। इस मंत्रिमंडल में भाजपा से 15, जदयू से 13, लोजपा (रामविलास) से दो, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा से एक-एक मंत्री शामिल हैं। इस मंत्रिमंडल में जहां कई ऐसे पुराने मंत्रियों को फिर से स्थान दिया गया है, वहीं कई ऐसे लोगों को भी जगह मिली है जो पहली बार मंत्री बनाए गए हैं। अनुभवी चेहरों के साथ-साथ नए और युवा नेतृत्व पर भरोसा जताया है।
वहीं, जदयू से पूर्व नीतीश कुमार के करीबी रणनीतिकारों के साथ-साथ उनके बेटे निशांत कुमार की एंट्री ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। आज के इस विस्तार में तय फॉर्मूले के मुताबिक भाजपा और जदयू के साथ-साथ सहयोगी दलों को भी कैबिनेट में महत्वपूर्ण स्थान मिला है। मंत्रिमंडल में अनुभवी चेहरों के साथ-साथ नए और युवा जोश पर भरोसा जताया है।
पूर्व सीएम नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार पहली बार मंत्री बनाए गए हैं। मंत्रिमंडल में भाजपा की ओर से दिलीप जायसवाल, विजय कुमार सिन्हा, रामकृपाल यादव, प्रमोद चंद्रवंशी और लखेंद्र पासवान जैसे अनुभवी नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह मिली है। वहीं संजय सिंह टाइगर, रमा निषाद, नीतीश मिश्रा, केदार गुप्ता, मिथिलेश तिवारी, रामचंद्र प्रसाद, नंद किशोर राम, शैलेंद्र कुमार, अरुण शंकर प्रसाद और श्रेयसी सिंह भी इस मंत्रिमंडल में शामिल किए गए हैं।
जदयू की ओर से निशांत कुमार पहली बार मंत्री बनाए गए है, तो इस बार विधायक डॉ. श्वेता गुप्ता और बुलो मंडल पर भी नेतृत्व ने विश्वास जताते हुए मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। इसके अलावा श्रवण कुमार, मदन सहनी, लेसी सिंह, भगवान सिंह कुशवाहा, दामोदर रावत, सुनील कुमार, शीला मंडल, रत्नेश सदा, जमा खान और अशोक चौधरी पर एक बार फिर मौका दिया गया है।
एनडीए के अन्य सहयोगी दलों की बात करें तो केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) की ओर से संजय सिंह और संजय पासवान को मंत्री बनाया गया है, जबकि जीतन राम मांझी की पार्टी 'हम' से संतोष सुमन और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी आरएलएम से दीपक प्रकाश को मंत्रिमंडल में जगह मिली है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 May 2026 1:45 PM IST












