बिहार में सम्राट चौधरी के सीएम बनते ही रालोमो के विधायक माधव आनन्द ने कहा-प्रदेश में शराबबंदी जरूरी नहीं
पटना, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में पिछले 10 सालों से शराबबंदी कानून लागू है। इसके तहत प्रदेश में किसी तरह की शराब की बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध है। इस बीच, बिहार में भाजपा के सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद राष्ट्रीय लोक मोर्चा के विधायक माधव आनंद ने शराबबंदी कानून की समीक्षा करने की अपनी पुरानी मांग दोहराई है।
उन्होंने साफ लहजे में कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून की नहीं, नशामुक्ति के लिए जागरूकता अभियान चलना चाहिए। विधायक माधव आनन्द ने गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर उन्हें सीएम बनने पर बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि शराबबंदी कानून लागू हुए 10 साल हो गए हैं। अब वह वक्त आ गया है कि शराबबंदी की विस्तृत समीक्षा होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मैं इसके पहले भी सदन में इसको लेकर अपनी बात कही है, जिसका कई लोगों ने दबी आवाज में समर्थन भी किया था। कुछ लोगों ने इसका विरोध भी किया था। उन्होंने कहा कि मैं उतना ही गंभीर सदन के अंदर था और बाहर जब आया, तो उतना ही गंभीर हूं। शराबबंदी की विस्तृत समीक्षा होनी चाहिए।
एनडीए में शामिल राष्ट्रीय लोक मोर्चा के विधायक माधव आनंद ने कहा कि नई सरकार बनी है, सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने हैं। आज भी मैं अपनी ही सरकार से इसे लेकर मांग करता हूँ। उन्होंने कहा कि शराबबंदी के कारण राजस्व का बड़ा नुकसान हो रहा है। बिहार को विकसित बनाने के लिए राजस्व की आवश्यकता है। बिहार को नुकसान हो रहा है। सारी चीजों को ध्यान में रखते हुए शराबबंदी की समीक्षा होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि हमने अपनी बात रखी है, अब सरकार को जनहित को देखते हुए फैसला लेना है। बता दें कि शराबबंदी कानून बनने के बाद से इसे लेकर राजनीति खूब होती रही है। सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष तक के लोग इसके पक्ष और विपक्ष में अपनी बात रखते रहे हैं।
--आईएएनएस
एमएनपी पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 April 2026 1:35 PM IST












