बिहार मुख्यमंत्री आवास पर दावत-ए-इफ्तार का आयोजन, बड़ी संख्या में रोजेदारों ने की शिरकत
पटना, 18 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास के 'नेक संवाद' में पवित्र रमजान के अवसर पर रोजेदारों को दावत-ए-इफ्तार पर आमंत्रित किया। बड़ी संख्या में रोजेदारों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की।
इफ्तार के पहले मित्तन घाट के सज्जादानशीं हजरत सैयद शाह शमीमउद्दीन अहमद मुनअमी ने रमजान एवं रोजे की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला और सामूहिक दुआ की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित आमंत्रित अतिथियों ने सामूहिक दुआ में शामिल होकर राज्य की तरक्की, प्रगति, आपसी भाईचारे एवं मोहब्बत के लिए खुदा-ए-ताला से दुआयें कीं।
मुख्यमंत्री ने आगंतुक अतिथियों एवं रोजेदारों का स्वागत किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, मंत्री विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, दिलीप जायसवाल, सुनील कुमार, मंत्री मो. जमा खान, मंत्री संजय कुमार सिंह, संतोष सुमन, रामकृपाल यादव सहित कई मंत्रीगण, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा सहित कई विधायक, विधान पार्षद, अन्य जनप्रतिनिधिगण, राज्य के वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी शामिल हुए।
इस मौके पर मंत्री विजय चौधरी ने कहा, "मुख्यमंत्री हर साल इफ्तार का आयोजन करते रहे हैं। इस साल भी उन्होंने इसका आयोजन किया है। ये तो अच्छी बात है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जो अल्पसंख्यकों के प्रति या उनके कल्याण के प्रति जो भावना और संकल्प रहा है, यह सूबे और मुल्क के अल्पसंख्यक जानते हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि राजनीतिक भावनाओं से नहीं चलती है। राजनीति की अपनी गति होती है। राजनीति को भावनाओं से नहीं जोड़ना चाहिए। बता दें कि मंगलवार को जदयू के द्वारा दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया गया था। इससे पहले हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) द्वारा भी इफ्तार का आयोजन किया गया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 March 2026 8:44 PM IST












