राष्ट्रीय: बिहार में स्वतंत्रता दिवस का उत्साह, राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी ध्वजारोहण

पटना, 15 अगस्त (आईएएनएस)। देश को आजाद हुए आज 79 साल हो गए हैं। देशवासी आजादी के जश्न में डूबे हैं। बिहार में भी हर आमोखास उत्साहित है। सरकारी और प्राइवेट स्कूलों-कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों और निजी संस्थानों में झंडारोहण के साथ देशभक्ति गीत गाए जा रहे हैं।
प्रदेश के सभी राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी तिरंगा फहराया गया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तो राजद प्रदेश कार्यालय में पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने राबड़ी आवास पर झंडा फहराया। साथ में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी मौजूद रहीं।
79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने सरकारी आवास पर ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। उन्होंने आजादी के इस महापर्व पर सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इधर, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुजफ्फरपुर के पंडित नेहरू स्टेडियम में भव्य समारोह का आयोजन किया गया।
बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई, जिसमें बच्चों ने देशभक्ति गीत और नृत्य से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बिहार विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने विधानमंडल परिसर में झंडोत्तोलन किया।
उन्होंने राज्यवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह आजादी हमें आसानी से नहीं मिली। यह उन हजारों स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और त्याग का परिणाम है, जिन्होंने हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमा, वर्षों जेल की यातनाएं सही, और देश के लिए अपना सर्वस्व अर्पण कर दिया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 Aug 2025 12:34 PM IST