बिहार पटना स्नातक सीट पर आमने-सामने अनंत सिंह और नीरज कुमार, बयानबाजी से बढ़ा जदयू का अंदरूनी विवाद
पटना, 19 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में विधान परिषद की पटना स्नातक निर्वाचन सीट को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक अनंत सिंह और विधान पार्षद नीरज कुमार के बीच सियासी तकरार लगातार तेज होती जा रही है। अनंत सिंह ने जदयू के संभावित उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोलते हुए निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह को समर्थन देने की घोषणा की है। दोनों नेताओं के बीच विवाद नया नहीं माना जा रहा है।
मौजूदा विवाद पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर फिर सामने आया है। बताया जा रहा है कि नीरज कुमार एक बार फिर इस सीट से मैदान में उतारने की तैयारी में है, जबकि अनंत सिंह ने उनके समर्थन से इनकार करते हुए डॉ. अनुज सिंह के पक्ष में खड़े होने की बात कही है। अनंत सिंह ने हाल में कहा था कि वह नीरज कुमार के खिलाफ पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे और उनकी जमानत तक नहीं बचने देंगे।
इसके जवाब में नीरज कुमार ने तंज कसते हुए कहा था कि जो व्यक्ति जमानत लिखना नहीं जानता, वह उनकी जमानत जब्त कराने की बात कर रहा है। इसके बाद दोनों नेताओं की बयानबाजी और तीखी हो गई। शनिवार को अनंत सिंह ने फिर नीरज कुमार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि दोनों आमने-सामने बैठकर अपनी बात रख सकते हैं और इसके लिए बजरंगबली के मंदिर में भी जाने को तैयार हैं। उन्होंने नीरज कुमार पर कई व्यक्तिगत और राजनीतिक आरोप लगाए तथा पुराने राजनीतिक घटनाक्रमों का जिक्र किया।
वहीं, नीरज कुमार ने भी पलटवार करते हुए कहा कि राजनीति में नीतीश कुमार ने अनंत सिंह को आगे बढ़ाया, लेकिन अब वह उन्हीं का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अनंत सिंह को कानून के सामने अपने दावों के साक्ष्य रखने चाहिए। नीरज ने यह भी कहा कि वह किसी दबाव में आने वाले नहीं हैं और उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों का जवाब राजनीतिक और कानूनी तरीके से दिया जाएगा। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में दोनों नेताओं के बीच बढ़ती बयानबाजी ने जदयू के भीतर इस चुनाव को लेकर चर्चा तेज कर दी है। पार्टी स्तर पर पहले भी दोनों पक्षों के बीच मतभेद दूर करने की कोशिशों की खबरें सामने आई थीं, लेकिन विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है।
--आईएएनएस
एमएनपी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Sept 2026 1:23 PM IST












