बिहार पूर्वी चंपारण में भारत-नेपाल सीमा पर उज्बेकिस्तान की महिला गिरफ्तार, अवैध रूप से रहने का आरोप
मोतिहारी, 18 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त कार्रवाई में उज्बेकिस्तान की एक महिला नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। महिला पर अवैध रूप से भारत में रहने तथा नेपाल जाने का प्रयास करने का आरोप है।
पुलिस पूरे मामले में विदेशी नागरिक अधिनियम और आव्रजन नियमों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि देर शाम हरैया थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम भारत-नेपाल सीमा पर स्थित मैत्री ब्रिज के पास नियमित जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान भारत से नेपाल की ओर जा रही एक विदेशी महिला की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान महिला भारत में वैध रूप से रहने से संबंधित कोई दस्तावेज, पासपोर्ट, वीजा अथवा अन्य आवश्यक आव्रजन कागजात प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ की गई। पूछताछ में महिला ने खुद को उज्बेकिस्तान की नागरिक बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब एक वर्ष से मुंबई में अवैध रूप से रह रही थी और भारत से नेपाल जाने की कोशिश कर रही थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और संबंधित केंद्रीय एजेंसियों को भी सूचना दी जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले 7 जुलाई को भी पूर्वी चंपारण जिले के हरपुर थाना क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस और एसएसबी ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान यूक्रेन की एक महिला नागरिक को गिरफ्तार किया था। उस महिला पर भी बिना वैध पासपोर्ट, वीजा और अन्य आव्रजन दस्तावेजों के भारत में रहने तथा हरपुर बॉर्डर के रास्ते नेपाल में प्रवेश करने का प्रयास करने का आरोप था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस और एसएसबी ने निगरानी और जांच अभियान को और सख्त कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि सीमा पर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
एमएनपी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 July 2026 1:09 PM IST












