बिहार जिलाधिकारी जनता दरबार में सुनी आमजन की समस्याएं, त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश
भागलपुर, 17 जुलाई (आईएएनएस)। भागलपुर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार समीक्षा भवन में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से आए आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की गई।
जनता दरबार में भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण, राजस्व संबंधी मामलों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, विद्युत, पेंशन, राशन, पुलिस प्रशासन तथा अन्य जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों पर नागरिकों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक आवेदक की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को मामलों का त्वरित, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदकों को राहत उपलब्ध कराई जाए तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर प्रदान करना है, जिससे उनकी शिकायतों का प्रभावी एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
जनता दरबार के दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे तथा प्राप्त आवेदनों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देश प्राप्त किए। जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 July 2026 10:22 PM IST












