'बिजली का लट्टू' की कहानी बिहार की सच्ची घटना से प्रेरित संजय पाण्डेय
मुंबई, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। फिल्में सिर्फ मनोरंजन का जरिया नहीं हैं बल्कि कई बार वे ऐसी वास्तविक घटनाओं को भी सामने लाती हैं, जिनके बारे में जानकर लोग सोचने पर मजबूर हो जाते हैं। अभिनेता संजय पाण्डेय की हिंदी फिल्म 'बिजली का लट्टू' भी ऐसी ही एक घटना से प्रेरित है। ये फिल्म इन दिनों डिजिटल प्लेटफॉर्म वेब ओटीटी पर दर्शकों के बीच अपनी खास जगह बना रही है।
फिल्म की कहानी को लेकर संजय पाण्डेय ने कहा, ''बिहार में हुई एक घटना में एक युवक को अपनी ही बहन के अपहरण के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया था। युवक करीब 16 दिनों तक जेल में रहा। बाद में रक्षाबंधन के मौके पर उसकी बहन ही जेल पहुंची और भाई को राखी बांधी, जिसके बाद प्रशासन को अपनी गलती का पता चला। इसी घटना को फिल्म की कहानी का आधार बनाया गया है।''
संजय पाण्डेय ने कहा, ''यह घटना बताती है कि गलतफहमी और जानकारी की कमी के कारण किसी निर्दोष व्यक्ति को कितनी बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हमारी फिल्म के जरिए यही मैसेज है कि किसी भी व्यक्ति पर आरोप लगाने या उसके खिलाफ कार्रवाई करने से पहले तथ्यों की पूरी तरह जांच होना जरूरी है। फिल्म में इसी पहलू को मनोरंजन के साथ सामने रखने की कोशिश की गई है।''
संजय ने फिल्म को वास्तविक बनाने के लिए की गई शूटिंग का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया, ''फिल्म के लिए मध्य प्रदेश की लोकेशन चुनी गई क्योंकि वहां का ग्रामीण माहौल कहानी के मुताबिक था। फिल्म की शूटिंग के लिए बड़े-बड़े सेट तैयार नहीं किए गए। टीम ने वास्तविक जगहों पर जाकर शूटिंग की, ताकि पर्दे पर कहानी का माहौल बनावटी न लगे। फिल्म में जिस स्कूल को पुलिस स्टेशन के तौर पर दिखाया गया है, वह भी असली जगह है। इसके अलावा, आसपास के घरों और दूसरे स्थानों को भी शूटिंग के लिए इस्तेमाल किया गया। हमारी पूरी कोशिश यही रही कि दर्शकों को फिल्म में वास्तविक माहौल दिखाई दे और कहानी ज्यादा स्वाभाविक लगे।''
उन्होंने कहा, ''टीम पहली बार भोपाल गई थी और वहां की अलग-अलग वास्तविक लोकेशन पर शूटिंग की गई। मध्य प्रदेश का वातावरण फिल्म की कहानी के साथ मेल खाता था, इसलिए इसे शूटिंग के लिए चुना गया। वास्तविक लोकेशन का इस्तेमाल करने से फिल्म के सीन्स में एक अलग तरह की सहजता आई है।''
इस बीच 'बिजली का लट्टू' को ओटीटी पर भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म वेब ओटीटी पर फील गुड पिक्स में नंबर-1 और ट्रेंडिंग में नंबर-2 स्थान पर पहुंच गई है।
फिल्म की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए संजय पाण्डेय ने कहा, 'बिजली का लट्टू' को दर्शकों का जिस तरह प्यार मिल रहा है, उससे मैं बेहद खुश हूं। वेब ओटीटी पर फिल्म का फील गुड पिक्स में नंबर-1 और ट्रेंडिंग में नंबर-2 पर पहुंचना पूरी टीम के लिए गर्व की बात है। फिल्म को पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ बनाया गया है और दर्शकों का प्यार कलाकारों के लिए सबसे बड़ी खुशी है। दर्शकों के साथ-साथ फिल्म की पूरी टीम का भी आभार।''
वहीं, फिल्म के निर्देशक धीरू यादव ने कहा, '''बिजली का लट्टू' को दर्शकों से मिल रहा प्यार पूरी टीम की मेहनत का नतीजा है। वेब ओटीटी पर फिल्म का फील गुड पिक्स में पहले और ट्रेंडिंग में दूसरे स्थान पर पहुंचना उनके लिए खुशी और गर्व की बात है।''
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Oct 2026 4:41 PM IST












