राजनीति: पुरी बलंगा पीड़िता की मौत पर बीजेडी ने ओडिशा सरकार को घेरा, प्रदेश की कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

नई दिल्ली, 2 अगस्त (आईएएनएस)। पुरी बलंगा पीड़िता की दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। ओडिशा की मुख्य विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल (बीजेडी) इस मुद्दे पर सरकार पर हमलावर है।
बीजेडी सांसद निरंजन बिशी ने आईएएनएस से कहा, "उसे एयरलिफ्ट किया गया था और उसका इलाज चल रहा था, लेकिन उसका 75 प्रतिशत से अधिक शरीर जल चुका था, इसलिए बचने की संभावना कम थी। अपराधियों ने जानबूझकर लड़की के साथ ऐसा किया, फिर भी ओडिशा पुलिस और प्रशासन उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाई है। दिल्ली एम्स में उसकी मौत हो गई, जो बेहद दुखद है।"
बीजेडी सांसद मुन्ना खान ने कहा, "हमें पूरा विश्वास था कि वह जल्द ही ठीक हो जाएगी। आज उसका निधन हो गया और हमें गहरा दुख हुआ है। ओडिशा में लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह से ध्वस्त है। प्रदेश में बच्चियां और महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।"
बीजेडी सांसद सस्मित पात्रा ने कहा, "ओडिशा में महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ कानून-व्यवस्था और जघन्य अपराधों के संदर्भ में जिस तरह का माहौल बनाया गया है, वह बेहद चिंताजनक है। हम उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इससे पहले भी हम बीजेडी के सांसद दिल्ली एम्स आए थे। हमें उम्मीद थी कि वह स्वस्थ हो जाएगी, लेकिन आज उनकी मृत्यु हो गई।"
बीजेडी सांसद सुलता देव ने कहा, "हम इस मुद्दे को बार-बार उठाते रहे हैं। ओडिशा में इस डबल इंजन सरकार के तहत, हम हर दिन लगभग 15 बलात्कार के मामले देख रहे हैं।"
बीजद के पूर्व सांसद अमर पटनायक ने कहा, "इस घटना से ओडिशा की प्रतिष्ठा को गहरा धक्का लगा है। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि एक छोटी बच्ची के माता-पिता को इससे जो पीड़ा और दुःख हुआ है, वह अकल्पनीय है। ओडिशा में हर दिन महिलाओं के ऊपर अत्याचार हो रहे हैं। यह सिलसिला जारी है। अपराधियों को कानून का डर नहीं है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 Aug 2025 11:29 PM IST