बीमार सास-ससुर को बेसहारा छोड़कर अलग रहने का दबाव बनाना पति के प्रति मानसिक क्रूरता बिलासपुर हाईकोर्ट

बीमार सास-ससुर को बेसहारा छोड़कर अलग रहने का दबाव बनाना पति के प्रति मानसिक क्रूरता  बिलासपुर हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर हाईकोर्ट ने तलाक के एक मामले में पत्नी की याचिका खारिज करते हुए कहा है कि शादी होने से एक नया परिवार जरूर बनता है, लेकिन बुजुर्ग और बीमार माता-पिता के प्रति संतान की नैतिक व कानूनी जिम्मेदारियों को खत्म नहीं करता। यदि कोई पत्नी बिना किसी ठोस और वाजिब वजह के बीमार सास-ससुर को बेसहारा छोड़कर अलग रहने का दबाव बनाती है, तो यह आचरण पति के प्रति मानसिक क्रूरता की श्रेणी में आता है।

रायपुर, 19 अगस्त (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर हाईकोर्ट ने तलाक के एक मामले में पत्नी की याचिका खारिज करते हुए कहा है कि शादी होने से एक नया परिवार जरूर बनता है, लेकिन बुजुर्ग और बीमार माता-पिता के प्रति संतान की नैतिक व कानूनी जिम्मेदारियों को खत्म नहीं करता। यदि कोई पत्नी बिना किसी ठोस और वाजिब वजह के बीमार सास-ससुर को बेसहारा छोड़कर अलग रहने का दबाव बनाती है, तो यह आचरण पति के प्रति मानसिक क्रूरता की श्रेणी में आता है।

हाईकोर्ट के जस्टिस नरेश कुमार चंद्रवंशी की सिंगल बेंच ने फैमिली कोर्ट द्वारा मंजूर किए गए तलाक के आदेश को सही ठहराया है।

राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ निवासी सिख युवक का विवाह 8 मार्च 2007 को पत्थलगांव निवासी महिला के साथ हुआ था। शादी के करीब डेढ़ वर्ष बाद से ही दोनों के बीच पारिवारिक विवाद शुरू हो गया।

पति का आरोप था कि उसके पिता की तीन बार हार्ट सर्जरी हो चुकी है, इसके बावजूद पत्नी लगातार उस पर माता-पिता को छोड़कर अलग रहने का दबाव बनाती रही। मना करने पर वह सास-ससुर से दुर्व्यवहार करती थी। वर्ष 2018 में दोनों पक्षों के रिश्तेदारों के बीच हुई सामाजिक सुलह में पत्नी ने लिखित माफीनामा भी दिया था, लेकिन इसके बाद भी उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।

पति ने तंग आकर डोंगरगढ़ फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दी थी। फैमिली कोर्ट ने 11 नवंबर 2024 को क्रूरता के आधार पर पति के पक्ष में तलाक का फैसला सुनाया, जिसके खिलाफ पत्नी ने हाईकोर्ट में अपील की थी। मामले की सुनवाई के दौरान पत्नी ने आरोप लगाया कि सास के उकसाने पर पति उसे प्रताड़ित करता था और पेट्रोल पंप खोलने के नाम पर मायके से 50 लाख रुपए की मांग की गई थी। साथ ही उसने माफीनामे पर जबरन हस्ताक्षर कराने की बात कही।

हाईकोर्ट ने रिकॉर्ड पर मौजूद गवाहों और बयानों की पड़ताल के बाद पत्नी के इन आरोपों को पूरी तरह निराधार पाया। हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट की नजीर का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि हिंदू समाज में माता-पिता की सेवा और भरण-पोषण करना बेटे का दायित्व है। पति द्वारा अपने बीमार पिता की देखभाल के लिए अलग रहने से मना करना पूरी तरह उचित और स्वाभाविक है। पत्नी द्वारा अलग रहने के लिए बनाया जा रहा लगातार दबाव मानसिक प्रताड़ना है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 Aug 2026 11:31 PM IST

Tags

Next Story