भाजपा के डिजिटल प्रशिक्षण अभियान से 11 लाख से ज्यादा कार्यकर्ता जुड़े, बूथ स्तर तक विस्तार की तैयारी

भाजपा के डिजिटल प्रशिक्षण अभियान से 11 लाख से ज्यादा कार्यकर्ता जुड़े, बूथ स्तर तक विस्तार की तैयारी
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने डिजिटल प्रशिक्षण अभियान में बड़ी उपलब्धि हासिल करने का दावा किया है। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत चल रहे डिजिटल प्रशिक्षण अभियान से अब तक 11 लाख से अधिक कार्यकर्ता जुड़ चुके हैं।

नई दिल्ली, 8 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने डिजिटल प्रशिक्षण अभियान में बड़ी उपलब्धि हासिल करने का दावा किया है। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत चल रहे डिजिटल प्रशिक्षण अभियान से अब तक 11 लाख से अधिक कार्यकर्ता जुड़ चुके हैं।

तरुण चुघ ने कहा कि यह अभियान बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि अब तक देशभर में 11,01,618 कार्यकर्ता ऐप आधारित डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म से जुड़े हैं। इस प्लेटफॉर्म पर 12 भाषाओं में अध्ययन सामग्री, वीडियो, प्रश्नोत्तरी और डिजिटल प्रमाणपत्र की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाजपा का इतिहास, पार्टी के सिद्धांत, पंच निष्ठा, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के विचारों के अलावा केंद्र सरकार की योजनाओं, नमो ऐप और ‘मन की बात’ जैसे विषयों को शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि डिजिटल प्रशिक्षण अभियान की शुरुआत 6 अप्रैल 2026 को भाजपा स्थापना दिवस के अवसर पर की गई थी। इसे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष और राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश के मार्गदर्शन में आगे बढ़ाया गया।

उन्होंने कहा कि 23 जून से 6 जुलाई तक 10 लाख कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे अभियान ने पार कर लिया है। अब पार्टी इसे बूथ स्तर तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। भाजपा का लक्ष्य है कि देश के हर बूथ पर कम से कम 10 प्रशिक्षित डिजिटल कार्यकर्ता तैयार किए जाएं।

तरुण चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया अभियान से प्रेरणा लेकर भाजपा ने यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। उन्होंने इसे संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बताया।

पार्टी के अनुसार, राज्यवार प्रदर्शन में मध्य प्रदेश सबसे आगे रहा, जहां 1,83,113 कार्यकर्ता इस अभियान से जुड़े हैं। इसके अलावा कई राज्यों ने प्रशिक्षण पूरा करने की दर में भी बेहतर प्रदर्शन किया है। भाजपा ने विश्वास जताया है कि आने वाले समय में हर बूथ पर प्रशिक्षित डिजिटल कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम तैयार होगी, जो संगठन की गतिविधियों को और प्रभावी बनाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 July 2026 4:42 PM IST

Tags

Next Story