भाजपा को जिताने के लिए काम कर रहा है चुनाव आयोग मनोज कुमार झा

भाजपा को जिताने के लिए काम कर रहा है चुनाव आयोग मनोज कुमार झा
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ लाए गए महाभियोग प्रस्ताव को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा खारिज किए जाने पर सियासी माहौल गरमा गया है। इस फैसले पर राष्ट्रीय जनता दल के सांसद मनोज कुमार झा ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है और इसे संसदीय प्रक्रिया की अनदेखी बताया है।

नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ लाए गए महाभियोग प्रस्ताव को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा खारिज किए जाने पर सियासी माहौल गरमा गया है। इस फैसले पर राष्ट्रीय जनता दल के सांसद मनोज कुमार झा ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है और इसे संसदीय प्रक्रिया की अनदेखी बताया है।

राष्ट्रीय जनता दल के सांसद मनोज कुमार झा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि केवल प्रस्ताव खारिज नहीं हुआ है, बल्कि संसद की स्थापित प्रक्रियाओं को दरकिनार किया गया है। उनके अनुसार, संविधान में ऐसे प्रावधान असाधारण परिस्थितियों के लिए बनाए गए थे और मौजूदा स्थिति उन्हीं में से एक है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यशैली में निष्पक्षता और स्वतंत्रता का अभाव दिखाई देता है, जिससे लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

आरजेडी सांसद ने यह भी कहा कि आज के दौर में संसदीय परंपराओं को कमजोर किया जा रहा है और यह भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का एक चिंताजनक क्षण है।

उन्होंने कहा कि महाभियोग प्रस्ताव को अस्वीकार करना केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है। उनके अनुसार, विपक्ष द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए था, ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनी रहे।

मनोज झा ने कहा कि जिस तरह से चुनाव आयोग काम कर रहा है, वह संविधान के लिए सही नहीं है। देखने से ऐसा लगता है कि चुनाव आयोग भाजपा के साथ मिलकर उसे जिताने का कामा कर रहा है।

उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर विपक्ष के नेताओं की बात पर चुनाव आयोग कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इससे पता चलता है कि चुनाव आयोग किसके इशारे पर काम करता है।

इस बीच, मनोज झा ने अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अमेरिका में व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और वहां की राजनीतिक स्थिति भी अस्थिर नजर आ रही है। सत्तारूढ़ दल के भीतर भी समर्थन घटता जा रहा है और वैश्विक स्तर पर नीतियों का असर दिखाई दे रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ अंतरराष्ट्रीय निर्णय विशेष लॉबी के प्रभाव में लिए जा रहे हैं, जिससे वैश्विक तनाव बढ़ा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 April 2026 2:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story