भाजपा नेतृत्व की नजरों में बने रहने के लिए कंगना रनौत करती हैं बेतुकी बयानबाजी कांग्रेस सांसद
नई दिल्ली, 19 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा सांसद कंगना रनौत की टिप्पणी पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कंगना रनौत अभी स्मृति ईरानी की जगह लेने का प्रयास कर रही हैं।
कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "कंगना रनौत अभी स्मृति ईरानी की जगह लेने का प्रयास कर रही हैं। वे कैसे भाजपा नेतृत्व की नजर में बनी रहें, इसके लिए वे बेतुकी बयानबाजी करती हैं। मेरा कहना है कि 'जिसके घर शीशे के होते हैं, वह दूसरों पर पत्थर नहीं फेंका करते'।"
ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की इजरायल को धमकी पर कांग्रेस सांसद ने कहा, "युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। भारत हमेशा से संवाद का पक्षधर रहा है। युद्ध न सिर्फ दोनों देशों के अहित में होते हैं, बल्कि अन्य संबंधित देशों पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। युद्ध के दौरान धमकियां का कोई अंत नहीं होता है। इसलिए संवाद कायम होना चाहिए।"
आईपैक मामले में दखलअंदाजी को लेकर सुप्रीम कोर्ट की नाराजगी के बीच कांग्रेस सांसद ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बचाव किया। उन्होंने कहा, "जिस तरह भाजपा ईडी-सीबीआई जैसे संवैधानिक संस्थानों का दुरुपयोग कर रही है, तो प्रतिकार करना स्वभाविक हो जाता है। उसी क्रम में कुछ चीजें ऐसी होती हैं, जिसे विशेषकर सरकार और सत्ताधारी दल तूल देते हैं।"
अमेरिकी नेशनल इंटेलिजेंस की डायरेक्टर तुलसी गबार्ड की ओर से पाकिस्तान को अमेरिका के लिए बड़ा परमाणु खतरा बताए जाने पर सुखदेव भगत ने कहा, "पाकिस्तान हमेशा से आतंकवाद को संरक्षण देता रहा है। भारत शुरू से ही इस बात को दोहराता रहा है। अब अगर अमेरिका भी महसूस कर रहा है तो ये अच्छी बात है। मेरा मानना है कि जो आतंकवाद को संरक्षण दे, वह देश पूरे विश्व के लिए कभी अच्छा नहीं हो सकता है।"
वाराणसी में गंगा के बीच नाव पर इफ्तार पार्टी को लेकर कांग्रेस सांसद ने कहा, "धर्म व्यक्ति आस्था का विषय है। अगर किसी ने अच्छे मन से कोई भी कहीं अपना रोजा खोलता है तो उसे इतना धार्मिक रंग देने की आवश्यकता नहीं है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 March 2026 3:11 PM IST












