भाजपा सरकार में बंगाल विकास से रूबरू होगा गौरीशंकर घोष
मुर्शिदाबाद, 29 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर टीएमसी और भाजपा नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है। भाजपा नेता गौरीशंकर घोष ने सीएम ममता बनर्जी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा बंगाल में लूटने के लिए नहीं बल्कि बंगाल को संवारने के लिए आई है। हमारा मकसद बंगाल में सत्ता पर काबिज होना नहीं है, हमारा मकसद बंगाल को विकास से रूबरू करवाना है।
सीएम ममता बनर्जी ने दावा किया है कि भाजपा बंगाल में लूटने के लिए आई है। बंगाल के विकास से भाजपा को कुछ भी लेना-देना नहीं है।
ममता बनर्जी के बयान पर जवाब देते हुए भाजपा नेता गौरीशंकर घोष ने तृणमूल कांग्रेस पर सत्ता में रहते हुए पिछले 15 सालों में पश्चिम बंगाल को लूटने का आरोप लगाया और कहा कि उसके शासन में राज्य पतन की ओर चला गया है।
उन्होंने दावा किया कि भले ही केंद्र की मोदी सरकार ने राज्य को काफी मदद दी, लेकिन टीएमसी नेताओं ने उन संसाधनों का गलत इस्तेमाल किया। घोष ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य एक मज़बूत भारत बनाने के विजन के तहत राज्य को सोनार बांग्ला में बदलना है।
भाजपा नेता ने कहा कि ममता बनर्जी को अपनी जमीन खिसकती नजर आ रही है, इसीलिए वे जनता को गुमराह करने के लिए झूठे बयान दे रही हैं। लेकिन, बंगाल की जनता समझदार है, वह उनके झूठे दावों और बयानों में फंसने वाली नहीं है।
दूसरी ओर सीएम ममता बनर्जी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान आपने जानबूझकर मेरे पैर में चोट पहुंचाई थी। फिर भी मैंने व्हीलचेयर पर बैठकर चुनाव प्रचार किया। ये सिर्फ चरित्र हनन नहीं है, ये मुझे जान से मारने की साजिश है। लेकिन आप ये कहावत तो जानते ही हैं, 'अगर कृष्ण रक्षा करें तो भला किसे नुकसान?' अपराधी हमेशा अपने अपराध के निशान छोड़ जाते हैं।
बताते चलें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 294 सीटों पर लड़ा जाएगा। चुनाव आयोग के अनुसार, दो चरण में मतदान कराए जाएंगे। मतदान संपन्न होने के बाद 4 मई को परिणाम घोषित किए जाएंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 March 2026 11:05 PM IST











