भाजपा विधायक रथिंद्र बोस चुने गए विधानसभा अध्यक्ष, सीएम सुवेंदु अधिकारी ने दी बधाई
कोलकाता, 15 मई (आईएएनएस)। भाजपा विधायक रथिंद्र बोस शुक्रवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा के नए अध्यक्ष चुने गए। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी उन्हें सदन में उनकी कुर्सी तक ले जाकर बैठाया और सभी नवनिर्वाचित विधायकों को बधाई दी।
कोलकाता में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सभी नवनिर्वाचित विधायकों को बधाई देते हुए कहा कि यह विधानसभा राज्य के लोकतांत्रिक इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय साबित होगी। सरकार और विपक्ष दोनों को मिलकर जनता के हित में काम करना चाहिए। इसके साथ ही विधानसभा की गरिमा बनाए रखने की जरूरत है।
अभिषेक बनर्जी की नई सरकार को लेकर की गई टिप्पणियों पर भाजपा विधायक तरुणज्योति तिवारी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से वोट देकर सरकार चुनी है और भाजपा राज्य के लोगों के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कलकत्ता हाईकोर्ट में पेश होने के मुद्दे पर भाजपा विधायक मौमिता बिस्वास मिश्रा ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि उनका लाइसेंस और संबंधित प्रमाणपत्र वैध हैं या नहीं। भाजपा ने इस मामले को गंभीर बताते हुए पारदर्शिता की मांग की है।
इसके साथ ही राज्य की राजनीति में सबसे बड़ा विवाद उस समय सामने आया जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोलकाता पुलिस के डिप्टी कमिश्नर शांतनु सिन्हा बिस्वास को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई पर भाजपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। भाजपा विधायक देबाशीष धर ने कहा कि यह कार्रवाई पहले ही हो जानी चाहिए थी और राज्य में लंबे समय से भ्रष्टाचार तथा माफिया तंत्र सक्रिय रहा है।
भाजपा विधायक बंकिम चंद्र घोष ने भी कहा कि प्रशासनिक पदों का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उनके अनुसार, जिन्होंने गलत कार्य किए हैं, उन्हें कानून के तहत सज़ा मिलनी चाहिए।
इसी मामले पर भाजपा विधायक इंद्रनील खान ने आरोप लगाया कि राज्य में कई वर्षों से राशन और भर्ती घोटालों जैसे मामलों में भ्रष्टाचार हुआ है। गरीबों और युवाओं के अधिकारों का हनन हुआ है तथा दोषियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत दंड मिलना चाहिए।
हालांकि, तृणमूल कांग्रेस के विधायक कुणाल घोष ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम जनता पर भारी बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियां अपनी जगह हैं लेकिन सरकार के पास इससे निपटने के लिए ठोस योजना होनी चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 May 2026 2:30 PM IST












