बीपीएससी ने 72वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा स्थगित की, बाद में नई तारीख होगी घोषित
पटना, 18 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने 72वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा को स्थगित कर दिया है। यह परीक्षा 26 जुलाई को आयोजित होनी थी, लेकिन आयोग ने अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए इसे फिलहाल टाल दिया है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के आयोजन की नई तिथि की घोषणा बाद में अलग से की जाएगी। बीपीएससी की ओर से शनिवार को जारी आवश्यक सूचना में कहा गया कि 26 जुलाई (रविवार) को प्रस्तावित एकीकृत 72वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा अब निर्धारित तिथि पर आयोजित नहीं होगी। परीक्षा नियंत्रक द्वारा जारी अधिसूचना में परीक्षा स्थगित किए जाने के पीछे 'अपरिहार्य कारण' का उल्लेख किया गया है।
हालांकि, आयोग ने इन कारणों का विस्तृत विवरण सार्वजनिक नहीं किया है। आयोग की इस घोषणा के बाद लाखों अभ्यर्थियों को नई परीक्षा तिथि का इंतजार करना होगा। बीपीएससी की संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा राज्य की सबसे महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षाओं में गिनी जाती है और हर वर्ष बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इसमें शामिल होते हैं। इस भर्ती अभियान के माध्यम से राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में कुल 1186 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं।
परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है और अभ्यर्थी लंबे समय से प्रारंभिक परीक्षा की तैयारी में जुटे थे। ऐसे में परीक्षा स्थगित होने से अभ्यर्थियों की तैयारियों की समय-सीमा भी बढ़ गई है। आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी आधिकारिक सूचनाओं के लिए बीपीएससी की वेबसाइट और आयोग की ओर से जारी अधिसूचनाओं पर नजर बनाए रखें। नई परीक्षा तिथि और अन्य आवश्यक निर्देश आयोग द्वारा अलग से जारी किए जाएंगे।
बीपीएससी की ओर से जारी सूचना में यह नहीं बताया गया है कि परीक्षा क्यों स्थगित किया गया है। हालांकि, आयोग ने यह भरोसा दिलाया है कि नई तिथि की घोषणा समय रहते कर दी जाएगी, ताकि अभ्यर्थियों को पर्याप्त तैयारी का अवसर मिल सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 July 2026 10:39 PM IST












