Breaking News: आज की बड़ी खबरें 05 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 05 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव
05 अक्टूबर 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 5 Oct 2025 4:05 PM IST

    जेल से बाहर आने के बाद उत्तर कुमार ने जताया फैंस का आभार, कहा- दिल की गहराइयों से आपका का धन्यवाद

    हरियाणवी फिल्म अभिनेता और निर्माता उत्तर कुमार ने जेल से रिहा होने के बाद अपने चाहने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया है। रविवार को उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने सभी समर्थकों का दिल से धन्यवाद किया। वीडियो में उत्तर कुमार ने अपने फैंस को बताया कि वे पूरी तरह से स्वस्थ हैं और अपने ऊपर विश्वास करने वाले सभी लोगों के प्यार, आशीर्वाद और दुआओं के लिए बेहद आभारी हैं। वीडियो में वह कहते दिख रहे हैं, ''नमस्कार दोस्तों, मैं बिल्कुल ठीक हूं, स्वस्थ हूं। आप सभी के प्यार, आशीर्वाद और दुआओं का बहुत-बहुत धन्यवाद। मैं दिल की गहराइयों से आप सभी का धन्यवाद करना चाहता हूं जिन्होंने मुझे प्यार दिया, मेरे लिए दुआएं की, और मेरे ऊपर विश्वास किया। इस सब के लिए मैं हमेशा आपका आभारी रहूंगा।''

  • 5 Oct 2025 3:51 PM IST

    दक्षिण चीन सागर और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारतीय नौसैनिक पोत सह्याद्री की यात्रा

    भारतीय नौसेना के स्वदेशी स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस सह्याद्री ने अपनी परिचालन तैनाती के तहत मलेशिया के बंदरगाह का औपचारिक दौरा किया है। यह यात्रा भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े की दक्षिण चीन सागर और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चल रही तैनाती का हिस्सा है। जहाज का मलेशियाई नौसेना द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जिससे दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों और साझा समुद्री परंपराओं का उत्सव मनाया गया। स्वदेशी रूप से डिजाइन, निर्मित और वर्ष 2012 में कमीशन किया गया आईएनएस सह्याद्री, शिवालिक श्रेणी के गाइडेड मिसाइल स्टील्थ फ्रिगेट्स में तीसरा पोत है। यह पोत ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान का प्रतीक है और अब तक कई द्विपक्षीय व बहुपक्षीय नौसैनिक अभ्यासों तथा परिचालन अभियानों का हिस्सा रहा है।

  • 5 Oct 2025 3:41 PM IST

    हमलों से बचने के लिए हमास ने अस्पतालों को ढाल बनाया, इजरायल ने फिर खोली पोल

    इजरायल और गाजा के बीच संघर्ष रोकने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शांति प्रस्ताव पर हमास ने सहमति जता दी है और बदले में इजरायल ने हमले रोक दिए हैं। इस बीच इजरायली सैनिकों ने दक्षिणी गाजा शहर में स्थित जॉर्डन अस्पताल से सटी एक सुरंग का पता लगाया है। इजरायल का दावा है कि इस सुरंग का इस्तेमाल हथियार बनाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली एक भूमिगत कार्यशाला तक जाने के लिए किया जाता था। इस सुरंग पर हमास संगठन के प्लाटून और कंपनी कमांडरों का कब्जा था। यह सुरंग लगभग 1.5 किलोमीटर लंबी है और इसमें निर्माण कक्ष, बैठक कक्ष और वरिष्ठ अधिकारियों के भूमिगत क्वार्टर भी बने हैं। जॉर्डन अस्पताल के पास स्थित सुरंग मार्ग के अलावा इजरायली डिफेंस फोर्स ने गाजा शहर में हमाद अस्पताल के नीचे एक और सुरंग का पता लगाया है।

  • 5 Oct 2025 3:33 PM IST

    पाकिस्तान के खिलाफ 'नो हैंडशेक' विश्व कप में भी जारी, हरमनप्रीत ने नहीं मिलाया पाक कप्तान से हाथ

    महिला विश्व कप 2025 के छठे मुकाबले में भारत और पाकिस्तान के बीच 'हाई-वोल्टेज' मैच खेला जा रहा है। इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। टॉस के दौरान भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना से हाथ नहीं मिलाया। टॉस के दौरान दोनों कप्तानों के बीच किसी भी तरह की बातचीत भी नहीं देखी गई। भारत और पाकिस्तान ने इस मुकाबले के लिए अपनी-अपनी प्लेइंग इलेवन में एक-एक बदलाव किया है। अमनजोत के स्थान पर रेणुका ठाकुर को अंतिम एकादश में मौका दिया गया है, जबकि पाकिस्तानी खेमे में उमाइमा सोहेल के स्थान पर सदफ शमास को स्थान मिला है।

  • 5 Oct 2025 2:56 PM IST

    इलेक्शन कमीशन की प्रेस कॉन्फ्रेंस

    बिहार: मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने कहा, "हाल ही में बिहार में मतदाता सूची के शुद्धिकरण का कार्य किया गया और हमारे सामने उपस्थित बूथ लेवल अधिकारियों ने न केवल अपने बूथों पर मतदाता सूची का शुद्धिकरण किया, बल्कि बिहार के 90,217 बूथ लेवल अधिकारियों ने एक ऐसा कार्य किया जो पूरे देश में अनुकरणीय है। 

  • 5 Oct 2025 2:55 PM IST

    बिहार विधानसभा चुनाव से पहले EC की प्रेस कॉन्फ्रेंस

    मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने कहा, "मैं बिहार के सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि जिस तरह हम अपने त्योहारों को हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाते हैं। उसी तरह लोकतंत्र के इस महापर्व चुनाव को भी उत्सव की तरह मनाएं। अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, अपनी जिम्मेदारी निभाएं और मतदान अवश्य करें।

  • 5 Oct 2025 2:54 PM IST

    इलेक्शन कमीशन की प्रेस कॉन्फ्रेंस

    बिहार: मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने कहा, "बिहार में 243 विधानसभा क्षेत्र हैं। बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर, 2025 को समाप्त हो रहा है और उससे पहले चुनाव पूरे हो जाएंगे। पहली बार चुनाव आयोग ने बूथ स्तर के अधिकारियों को प्रशिक्षित किया है। एसआईआर 24 जून, 2025 को लॉन्च किया गया था और समय सीमा के भीतर पूरा किया गया।

  • 5 Oct 2025 2:41 PM IST

    सीएम योगी के नेतृत्व में जारी मिशन कर्मयोगी अभियान में अब तक 3,900 कर्मचारी पंजीकृत, 21,150 कोर्स पूरे

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक दक्षता और सुशासन के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। इसके तहत समाज कल्याण विभाग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी पहल ‘मिशन कर्मयोगी अभियान’ को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रहा है।

  • 5 Oct 2025 2:21 PM IST

    अमेरिका में नाबालिग अवैध प्रवासियों को वयस्क डिटेंशन सेंटर भेजने पर लगी रोक

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से अवैध प्रवासियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। इस बीच अमेरिकी जिला जज रूडोल्फ कॉन्ट्रेरास ने नाबालिग प्रवासियों को वयस्क हिरासत केंद्रों में भेजने पर रोक लगा दी है।

  • 5 Oct 2025 1:42 PM IST

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दार्जिलिंग में एक पुल दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि पर जताया शोक

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दार्जिलिंग में एक पुल दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि पर शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, "भारी बारिश और भूस्खलन के मद्देनजर दार्जिलिंग और आसपास के इलाकों में स्थिति पर कड़ी नज़र रखी जा रही है। हम प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Created On :   5 Oct 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story