Breaking News: आज की बड़ी खबरें 08 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 8 Oct 2025 4:30 PM IST
नेपाल में भारी बारिश से तबाही 51 की मौत, 47 घायल
नेपाल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने व्यापक तबाही मचा दी है। भूस्खलन, बाढ़ और अन्य आपदाओं से निपटने के प्रयासों के बीच, मरने वालों की संख्या बढ़कर 51 हो गई है, जबकि 47 लोग घायल हुए हैं और 6 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण प्राधिकरण ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि मृतकों में से 38 लोगों की जान भूस्खलन में गई, 10 लोग बाढ़ की चपेट में आकर मारे गए, जबकि 3 लोगों की मौत बिजली गिरने से हुई।
- 8 Oct 2025 4:10 PM IST
सीसी बैठक में फाइनल होगा कांग्रेस प्रत्याशियों का नाम, नए चेहरे करेंगे भागीदारी मनोज कुमार
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल गरम है। इसी बीच कांग्रेस के सांसद मनोज कुमार ने कई अहम बातें कही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों के नाम की घोषणा जल्द ही की जाएगी। साथ ही बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने को लेकर भी उन्होंने भरोसा जताया। लोकसभा सांसद मनोज कुमार ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि अब तक जो सवाल चल रहे थे कि कांग्रेस कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और कौन-कौन से चेहरे मैदान में उतरेंगे, उन सभी सवालों का जवाब जल्द ही मिल जाएगा। उन्होंने बताया कि बुधवार को कांग्रेस की सीसी (सीनियर कमेटी) की बैठक है, जिसमें सभी निर्णय फाइनल होंगे। कई नए चेहरे पार्टी की ओर से बिहार में चुनाव लड़ेंगे। ये चेहरे बिहार की जनता के लिए बदलाव का संदेश लेकर जाएंगे। जो लोग पिछले 20 सालों में बिहार को बर्बाद कर चुके हैं, उनसे हम जनता को मुक्ति दिलाएंगे।
- 8 Oct 2025 3:53 PM IST
'हमें उन पर गर्व है,' पीएम मोदी के राजनीतिक करियर के 25 साल पूरे होने पर नीना गुप्ता ने दी बधाई
बीते मंगलवार प्रधानमंत्री मोदी ने अपने राजनीतिक करियर के 25 साल पूरे कर लिए हैं। इसी दिन उन्होंने साल 2001 में गुजरात में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। देश भर से पीएम मोदी को शुभकामनाएं मिल रही हैं और खुद पीएम ने अपनी पुरानी यादें जनता के साथ शेयर कीं। अब बॉलीवुड की वरिष्ठ अदाकारा नीना गुप्ता और एक्टर विनीत सिंह ने पीएम मोदी की खुलकर तारीफ की है। नीना गुप्ता ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "प्रधानमंत्री बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। मुझे पता लगा है कि देश के कई विभागों में तरक्की हो रही है और हमें उन पर गर्व है।" जबकि विनीत सिंह ने कहा कि पीएम मोदी की यात्रा बहुत अद्भुत रही है। उन्होंने कहा, "मैं बनारस का रहने वाला हूं और मैंने अपने शहर को बदलते हुए देखा है।"
- 8 Oct 2025 3:40 PM IST
मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य सेवा दम तोड़ रही है उमंग सिंघार
मध्य प्रदेश में कफ सिरप से बच्चों की बढ़ती मौतों पर कांग्रेस नेता उमंग सिंघार ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य सेवा दम तोड़ रही है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार इन बच्चों को अच्छे अस्पतालों में क्यों नहीं भेजना चाहती? सरकार इसे सिर्फ औपचारिकता क्यों मानना चाहती है? मुख्यमंत्री से जब मीडिया सवाल करती है तो वे इसे पुरानी बात कहकर टालते हैं। रोजाना घटनाएं हो रही हैं और बच्चे रोज मर रहे हैं। मैं सीएम से पूछना चाहता हूं कि क्या वे गांव-गांव में कब्रिस्तान बनाने का काम कर रहे हैं।
- 8 Oct 2025 3:20 PM IST
बारबाडोस पहुंचे लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, 68वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में होंगे शामिल
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बारबाडोस में 68वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में भाग लिया। भारत के लोकसभा स्पीकर ओम बिरला समेत दुनिया भर के अध्यक्ष और नेता इस शिखर सम्मेलन में शामिल हुए। समिट का आयोजन 'राष्ट्रमंडल - एक वैश्विक साझेदार' थीम पर किया गया। कार्यक्रम में एक अधिक न्यायसंगत और समावेशी विश्व के निर्माण में संवाद, सहयोग और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व पर जोर दिया गया।
- 8 Oct 2025 3:10 PM IST
सार्वजनिक जीवन में पीएम मोदी के 25 वर्ष पूरे होने पर बोले आकाश अंबानी, हम भाग्यशाली हैं कि हमें उनके जैसा नेता मिला
सार्वजनिक जीवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष पूरे होने पर बोले रिलायंस जिओ इन्फोकॉम लिमिटेड के चेयरमैन आकाश अंबानी ने कहा,"हम भाग्यशाली हैं कि हमें उनके जैसा नेता मिला।" इंडिया मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी 2025) के 9वें संस्करण के साइडलाइन में मीडिया से बातचीत करते हुए आकाश अंबानी ने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 साल का सार्वजनिक जीवन समर्पण, सेवा और परिवर्तनकारी शासन का प्रतीक है। इससे देश में क्रांतिकारी बदलाव आए हैं। उन्होंने मीडिया से कहा, "यह भारत के लिए एक क्रांतिकारी कदम रहा है और हम भाग्यशाली हैं कि हमें उनके जैसा नेता मिला।"
- 8 Oct 2025 2:56 PM IST
नागौद कस्बे में सूने घर से अनाज चोरी पर आरोपी गिरफ्तार
नागौद कस्बे में सूने घर का ताला तोडक़र अनाज की चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। टीआई अशोक पांडेय ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-3 में रहने वाले प्रमोद कुमार पुत्र केसरी नंदन द्विवेदी, बीते 28 सितंबर को घर में ताला लगाकर परिवार के साथ गांव चले गए।
- 8 Oct 2025 2:46 PM IST
बुनाई अनुदेशक पर जाली दिव्यांगता सर्टिफिकेट के दम पर नौकरी हासिल करने का आरोप
केन्द्रीय जेल में बुनाई अनुदेशक के तौर पर कार्यरत कर्मचारी पर फर्जी तरीके से नौकरी हासिल करने का आरोप लगने से सनसनी फैल गई है। इस आशय की लिखित शिकायत प्राप्त होते ही कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने जेल प्रशासन को जांच के निर्देश दिए हैं।
- 8 Oct 2025 2:36 PM IST
अपहरण-दुष्कर्म का आरोपी गुजरात से गिरफ्तार, नाबालिग को पुलिस ने कराया मुक्त
सिविल लाइन पुलिस ने नाबालिग को अगवा कर दैहिक शोषण करने के आरोपी को गुजरात के सूरत शहर से गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस ने बताया कि बीते 15 सितम्बर को शहर के नजदीकी गांव से 15 वर्षीय लडक़ी रहस्यमय ढंग से लापता हो गई, जिसके परिजन की रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
- 8 Oct 2025 2:26 PM IST
मजदूर की मौत का खुलासा, टेंट हाउस संचालक समेत 2 पर अपराध दर्ज
मैहर कोतवाली क्षेत्र के चंडीगंज-कटरा निवासी शिवकुमार उर्फ इक्कू पुत्र फगुना कोल 33 वर्ष, निवासी वार्ड-14 की मौत का सच 24 घंटे के अंदर सामने आ गया है, जिसके बाद पुलिस ने टेंट हाउस संचालक विनोद चौरसिया और उसके सहयोगी पप्पू बंगाली के खिलाफ बीएनएस की धारा 105, 238, 3(5) एवं एससीएसटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
Created On :   8 Oct 2025 8:08 AM IST












