Breaking News: आज की बड़ी खबरें 10 नवंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 10 नवंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव
10 नवंबर 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 10 Nov 2025 9:39 AM IST

    राजनाथ सिंह आज 16 डीपीएसयू की वार्षिक प्रदर्शन समीक्षा करेंगे, आरएंडडी निवेश दोगुना करने की योजना

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को नई दिल्ली में 16 रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों (डीपीएसयू) की वार्षिक प्रदर्शन समीक्षा करेंगे। राजनाथ सिंह ने इससे पहले 2025 को 'सुधारों का वर्ष' घोषित किया था, जिसमें रक्षा क्षेत्र के सार्वजनिक उपक्रमों (डीपीएसयू) द्वारा नई तकनीक के विकास के महत्व और निर्यात एवं स्वदेशीकरण को बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया था। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए, उन्होंने रक्षा क्षेत्र के सार्वजनिक उपक्रमों (डीपीएसयू) से अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) के लिए अपने निवेश और जनशक्ति को बढ़ाने का आह्वान किया था।

  • 10 Nov 2025 9:31 AM IST

    शटडाउन के 40वें दिन पूरे, अमेरिका में 2,000 से अधिक उड़ानें रद्द

    अमेरिकी सरकार का शटडाउन 40वें दिन पहुंच चुका है। इसके कारण देश भर में 2,000 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं और 8,000 से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई। यह आंकड़े उड़ानें ट्रैक करने वाली वेबसाइट फ्लाइट अवेयर के अनुसार हैं। न्यूज एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, शुक्रवार से अमेरिका के विमानन विभाग द्वारा उड़ानों में कटौती की नीति लागू की गई। इसके बाद उड़ानें रद्द होने की संख्या तेजी से बढ़ी है। गुरुवार को जहां 202 उड़ानें रद्द हुई थीं, वहीं शुक्रवार को यह संख्या बढ़कर 1,025 हो गई और शनिवार को 1,566 उड़ानें रद्द करनी पड़ी।

  • 10 Nov 2025 9:17 AM IST

    केंद्रीय मंत्री अमित शाह दिल्ली में 'सहकारिता कुंभ 2025' का उद्घाटन करेंगे

    केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार को शहरी सहकारी ऋण क्षेत्र पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 'सहकारी कुंभ' (कॉपकुंभ 2025) का उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया जाएगा।

  • 10 Nov 2025 9:14 AM IST

    दत्तोपंत ठेंगड़ी की जयंती पर रेखा गुप्ता समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अर्पित की श्रद्धाजंलि

    रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, “अद्वितीय संगठन शिल्पी और विलक्षण कर्मयोगी दत्तोपंत ठेंगड़ी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रेरणा से उन्होंने भारतीय मजदूर संघ, भारतीय किसान संघ, स्वदेशी जागरण मंच, समरसता मंच, ग्राम पंचायत संगठन और अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद जैसे अनगिनत राष्ट्रव्यापी संगठनों की आधारशिला रखी। ये सभी संगठन आज भी राष्ट्र निर्माण के स्तंभ बने हुए हैं। उनका सम्पूर्ण जीवन हमें यह शिक्षा देता है कि संगठित शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी और प्रगति का मूल मंत्र है।“

  • 10 Nov 2025 8:59 AM IST

    हमने जनता के मुद्दों पर चुनाव लड़ा, लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया- दीपांकर भट्टाचार्य

    बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रचार अभियान के अंतिम दिन रविवार को महागठबंधन में शामिल भाकपा (माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि हमने जनता के मुद्दों पर चुनाव लड़ा और इस दौरान साफ दिख रहा है कि बिहार में बदलाव की लहर है।

  • 10 Nov 2025 8:30 AM IST

    कुरान की कसम, भाजपा से गठबंधन का प्रयास नहीं किया- उमर अब्दुल्ला

    जम्मू-कश्मीर में बडगाम और नगरोटा सीटों पर उपचुनाव को लेकर सियासी माहौल काफी गरम है। यहां भाजपा नेता सुनील शर्मा के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर आरोप लगाया है कि उन्होंने 2024 में भाजपा के साथ गठबंधन का प्रयास किया था। वहीं, उमर अब्दुल्ला ने पलटवार करते हुए कहा कि वो पवित्र कुरान की कसम खाते हैं कि उन्होंने भाजपा के साथ किसी भी तरह के गठबंधन का कोई प्रयास नहीं किया।

  • 10 Nov 2025 8:16 AM IST

    संघ में सभी धर्मों के लोग शामिल हो सकते हैं- चक्रपाणि महाराज

    अखिल भारतीय हिंदू महासभा के अध्यक्ष चक्रपाणि महाराज ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत के हालिया बयान का समर्थन किया, जिसमें उन्‍होंने कहा है कि संघ सत्ता की चाहत नहीं रखता, और किसी भी धर्म के लोग इसमें शामिल हो सकते हैं।

  • 10 Nov 2025 8:07 AM IST

    दिल्ली एनसीआर में सांस लेना मुश्किल, ज्यादातर इलाकों में एक्यूआई 300 से 400 के बीच दर्ज

    नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के एनसीआर क्षेत्रों में एक बार फिर वायु प्रदूषण की स्थिति गंभीर हो गई है। पूरे शहर पर धुएं और धुंध की मोटी परत फैली हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (ए.क्यू.आई.) 372 दर्ज हुआ, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। इसका मतलब है कि यह हवा लोगों के स्वास्थ्य के लिए बहुत हानिकारक है।

Created On :   10 Nov 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story