Breaking News: आज की बड़ी खबरें 11 सितंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 11 सितंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव
11 सितंबर 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 11 Sept 2025 12:36 PM IST

    सपा नेता राहुल अवाना ने नोएडा में बाढ़ पीड़ितों को रुपए बांटे, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

    उत्तर प्रदेश में बाढ़ की मार झेल रहे लोगों की मदद के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) नेता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राहुल अवाना आगे आए हैं। वे बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर पीड़ित परिवारों तक राहत पहुंचाने में जुटे हैं। इसी बीच, उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे अपने हाथों से लोगों को नकद सहायता राशि देते दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, राहुल अवाना बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे और वहां मौजूद जरूरतमंदों को 500-500 रुपए की गड्डी से नोट बांटे। वीडियो में साफ दिख रहा है कि उन्होंने खुद पैसे निकालकर सीधे पीड़ितों के हाथों में दिए। इस कदम को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे गरीब और संकटग्रस्त परिवारों के लिए मदद का मानवीय प्रयास बता रहे हैं, तो कुछ इसे राजनीति से जोड़कर देख रहे हैं।

  • 11 Sept 2025 12:11 PM IST

    यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो एक ही छत के नीचे यूपी के जिलों का मिलेगा स्वाद

    उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के जायकों का लुत्फ उठाने का सुनहरा मौका एक बार फिर लोगों को मिलने जा रहा है। ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो का तीसरा संस्करण आयोजित होगा। इस आयोजन में इस बार खास तौर पर खाने-पीने के शौकीनों के लिए 25 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न जिलों के पारंपरिक और मशहूर पकवान लोगों का मन मोह लेंगे। खानपान के इन स्टॉल्स में बनारस का पान, लखनऊ की चाट, खुर्जा की खुरचन, आगरा का पेठा, जौनपुर की इमरती और अन्य व्यंजन शामिल होंगे।

  • 11 Sept 2025 12:01 PM IST

    पीएम मोदी से प्रभावित है नेपाल, जल्द हालात होंगे सामान्य मलूक नागर

    राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के नेता मलूक नागर ने नेपाल में चल रहे जेन-जी प्रदर्शनों और बिहार के पटना में राजद नेता की हत्या पर प्रतिक्रिया दी। नेपाल हिंसक प्रदर्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नेपाल हमारा पड़ोसी देश है और वे भारत तथा पीएम मोदी के नेतृत्व से बहुत प्रभावित हैं। नेपाल के जेन-जी प्रदर्शनों पर मलूक नागर ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "नेपाल की वर्तमान स्थिति को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। सरकार की नीतियां क्या रही हैं, सोशल मीडिया पर प्रतिबंध क्यों लगाया गया, और युवाओं को भड़काने वाला कौन था, ये सभी मुद्दे बहस के विषय हैं। लेकिन, मुख्य बिंदु किसी भी देश की आर्थिक स्थिति है। वैश्विक स्तर पर किसी देश की स्थिति, उसकी प्रतिष्ठा, और उसमें कितना विदेशी निवेश आता है, यही असली मापदंड है।"

  • 11 Sept 2025 11:50 AM IST

    प्रधानमंत्री ओबीसी से आते हैं, राहुल को इतिहास पढ़ना चाहिए राम कदम

    महाराष्ट्र के भाजपा विधायक राम कदम ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि भाजपा-आरएसएस ओबीसी, दलित और आदिवासियों का उत्थान नहीं चाहती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कभी-कभी आधी नींद में बयान देते हैं। शायद वह भूल गए कि प्रधानमंत्री ओबीसी समुदाय से हैं। भाजपा विधायक राम कदम ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "भाजपा पहली ऐसी पार्टी है, जिसने पिछले 11 सालों से एक ओबीसी पृष्ठभूमि के प्रधानमंत्री को देश का नेतृत्व सौंपा है। यह अपने आप में बहुत बड़ा सम्मान है। तीसरी बार एक प्रमुख ओबीसी नेता प्रधानमंत्री के रूप में कार्यरत हैं, जिसने वैश्विक स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाया है। यह ओबीसी समुदाय के लिए गर्व की बात है। राहुल गांधी कभी-कभी आधी नींद में बयान देते हैं। शायद वे भूल गए कि प्रधानमंत्री ओबीसी समुदाय से हैं। देश जानता है कि हमने किस जाति को सम्मान दिया है। भाजपा की सरकार ने अब्दुल कलाम को राष्ट्रपति बनाया। राहुल गांधी को इतिहास के पन्ने खंगालने की जरूरत है।"

  • 11 Sept 2025 11:46 AM IST

    'अनुपमा' फेम रूपाली गांगुली का ट्रेडिशनल लुक, बंगाली गाने पर दिखाया जलवा

    लोकप्रिय टेलीविजन अभिनेत्री रूपाली गांगुली अक्सर सोशल मीडिया पर पोस्ट करती रहती हैं। उन्होंने गुरुवार को एक लेटेस्ट वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह एक गाने पर डांस करती नजर आ रही हैं। रूपाली ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह बंगाली गाना 'मेलार गान' पर अपने शानदार एक्सप्रेशन के साथ डांस कर रही हैं। वीडियो में उन्होंने मल्टीकलर के लहंगे के साथ गुलाबी रंग का ब्लाउज पेयर किया है। वहीं, पीले रंग की चुनरी को खूबसूरती से सजाया है। माथे पर बिंदी, कानों में झुमके और ढीली चोटी में बंधे बाल उनके पारंपरिक अंदाज को निखार रहे हैं। इसके साथ ही, उनके हाथों में साधारण कंगन सादगी और सुंदरता को दिखा रहे हैं। इस वीडियो में रूपाली का आत्मविश्वास और ऊर्जा देखते ही बनती है। वीडियो के साथ रूपाली ने कैप्शन में लिखा, "ये गाना बहुत प्यारा है। इसे सुनकर बचपन की यादें ताजा हो जाती हैं।"

  • 11 Sept 2025 11:35 AM IST

    गुजरात मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने 'राष्ट्रीय वन शहीद दिवस' पर शहीद वनकर्मियों को श्रद्धांजलि दी

    गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने 'राष्ट्रीय वन शहीद दिवस' के अवसर पर गुरुवार को वन क्षेत्रों के संरक्षण और वन्य जीवन की रक्षा में जीवन न्योछावर करने वाले बहादुर वन कर्मचारियों को याद किया। उन्होंने गांधीनगर स्थित राज्य के पहले 'वन स्मारक' पर शहीद वनकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। साल 2013 से हर बार 11 सितंबर को राष्ट्रीय वन शहीद दिवस मनाया जाता है, ताकि वन रक्षकों, क्षेत्रीय वन अधिकारियों और वन विभाग के अग्रिम पंक्ति के कर्मियों की शहादत को सम्मान दिया जाए, जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने जीवन का बलिदान दिया। इसी क्रम में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल गुरुवार को गांधीनगर के सेक्टर 30 स्थित वन जागरूकता केंद्र में बने राज्य के पहले 'वानिकी स्मारक' पर पहुंचे। भूपेंद्र पटेल ने गुजरात राज्य में अपने प्राणों की आहुति देने वाले 9 शहीद वनकर्मियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और उन्हें श्रद्धांजलि दी।

  • 11 Sept 2025 11:25 AM IST

    धोखाधड़ी मामले में भगोड़े मुनव्वर खान को कुवैत से भारत वापस लाया गया

    केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने इंटरपोल के माध्यम से कुवैत से भगोड़े मुनव्वर खान को भारत प्रत्यर्पित करने में सफलता हासिल की है। मुनव्वर खान जालसाजी और धोखाधड़ी के मामले में सीबीआई का वांछित अपराधी है। सीबीआई ने इंटरपोल और कुवैत की नेशनल सेंट्रल ब्यूरो (एनसीबी) के साथ मिलकर मुनव्वर खान की लोकेशन का पता लगाया था। एसटीबी चेन्नई ब्रांच के अनुरोध पर सीबीआई ने 7 फरवरी को इंटरपोल के माध्यम से रेड नोटिस जारी कराया। इस पर कार्रवाई करते हुए मुनव्वर खान को कुवैत के अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया और आरोपी को भारत प्रत्यर्पित करने का निर्णय लिया गया।

  • 11 Sept 2025 11:15 AM IST

    दिल्ली अपराध शाखा ने भगोड़े अपराधी नीरज को किया गिरफ्तार, कई मामलों में थी तलाश

    अपराध शाखा ने एक बड़े ऑपरेशन के बाद भगोड़े अपराधी नीरज को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। 26 साल का नीरज चोरी और सेंधमारी के 12 मामलों में शामिल रहा है। उसे इंद्रपुरी थाना क्षेत्र में एक चोरी के मामले में 15 अप्रैल को फरार अपराधी घोषित किया था। इसके अलावा, एक अन्य मामले में उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी हुआ था। नीरज पर 2022 में इंद्रपुरी थाने में दर्ज एफआईआर के तहत चोरी का आरोप लगा था। उसे जमानत मिलने के बाद कोर्ट में पेश नहीं होने की वजह से भगोड़ा घोषित किया गया था। फरार होने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए खास टीम बनाई। इस टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर गौतम मलिक ने किया, जिन्हें एसीपी राजपाल डबास के निर्देशन में काम सौंपा गया। टीम में एएसआई जितेंद्र, एचसी अशोक, एचसी राजेश, कांस्टेबल मुकेश और डब्ल्यू/सीटी नीलम शामिल थे।

  • 11 Sept 2025 10:11 AM IST

    'ज्यादा बोलोगे बबुआ तो...' अक्षरा सिंह का कड़क अंदाज, फैंस ने पूछा, 'आप इतनी स्ट्रॉन्ग कैसे हो?'

    भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। अपनी दमदार एक्टिंग, सुरीली आवाज और स्टाइलिश लुक से वह लाखों दिलों पर राज करती हैं। वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अपने खास अंदाज में तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करती रहती हैं।

  • 11 Sept 2025 10:04 AM IST

    मिश्रित वैश्विक संकेतों के बीच मामूली बढ़त के साथ कारोबार कर रहे सेंसेक्स-निफ्टी

    भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार वार्ता में प्रगति और अन्य वैश्विक संकेतों के कारण गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार हरे निशान में खुला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी मामूली बढ़त में रहे।

Created On :   11 Sept 2025 8:02 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story