Breaking News: आज की बड़ी खबरें 12 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 12 Oct 2025 12:44 PM IST
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने स्वच्छता अभियान को लेकर दी प्रतिक्रिया
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, " स्वच्छता अभियान वर्तमान मोदी सरकार का सबसे लंबा और निरंतरता के साथ चलने वाला अभियान है। प्रधानमंत्री बनते ही पीएम मोदी ने अपने पहले ही स्वतंत्रता दिवस भाषण में लाल किले की प्राचीर से स्वच्छता का आह्वान किया था। देखते ही देखते उनके इस आह्वान ने अभियान का रूप ले लिया। पहले ही वर्ष में लगभग 4 लाख से अधिक शौचालयों का निर्माण किया गया, और फिर धीरे-धीरे ये समाज का एक हिस्सा बनता गया। कचरे से भरी जगहों को खाली करके वहां ग्रीन एरिया का निर्माण किया गया। इसके अतिरिक्त पिछले 5 वर्षों से 2 अक्टूबर से लेकर 31 अक्टूबर तक पूरे एक महीने के लिए समर्पित स्वच्छता माह का आयोजन किया जाता है। 2 अक्टूबर से विभिन्न कार्यालयों में जाकर इस तरह का एक समर्पित अभियान चलाया जाता है। यहां पर ई-वेस्ट का भी निवारण हुआ, फाइलों का भी निपटान हुआ और हमारे सफाई मित्रों को भी सम्मानित किया गया। यहां पर हमारे 50 सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया है।"
- 12 Oct 2025 11:58 AM IST
हमास -इजरायल की शांति समझौते पर हामी, रविवार को दोनों पक्षों के बीच बंधकों और कैदियों की अदला-बदली
गाजा में दो साल तक चले संघर्ष के बाद हमास और इजरायल ने शांति समझौते के लिए हामी भरी है। ट्रंप के पीस प्लान के अनुसार रविवार को दोनों पक्षों के बीच बंधकों और कैदियों की अदला-बदली होगी। वहीं मिस्र में गाजा शांति शिखर सम्मेलन का आयोजन होगा।
- 12 Oct 2025 11:45 AM IST
तालिबान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी का आगरा दाैरा रद्द
अफगानिस्तान विदेश मंत्री मौलवी आमिर खान मुत्ताकी का आगरा दाैरा रद्द हो गया है। डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि उनके आने का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। इसके बाद फिर से किसी कार्यक्रम की अभी जानकारी नहीं आई है।
- 12 Oct 2025 11:26 AM IST
भारत के संसदीय लोकतंत्र में, सांसद कानून से ऊपर नहीं हैं—लेकिन उन्हें कानून द्वारा संरक्षित किया जाता-कांग्रेस
भारत के संसदीय लोकतंत्र में, सांसद कानून से ऊपर नहीं हैं—लेकिन उन्हें कानून द्वारा संरक्षित किया जाता है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वे बिना किसी भय, दबाव या धमकी के अपने संवैधानिक कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।
- 12 Oct 2025 11:05 AM IST
लोकतंत्र में विपक्षी सांसदों को बिना किसी डर और बिना किसी कानूनी कार्यवाही की चिंता के विरोध प्रदर्शन करने की इजाजत होनी चाहिए-थरूर
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने केरल के वडाकरा से कांग्रेस सांसद शफी परमबिल पर एक विरोध प्रदर्शन के दौरान हुए कथित हमले की कड़ी निंदा की है, थरूर ने हमले को अस्वीकार्य बताया और कहा कि सांसद पर हमला लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला है। थरूर का कहना है कि लोकतंत्र में विपक्षी सांसदों को बिना किसी डर और बिना किसी कानूनी कार्यवाही की चिंता के विरोध प्रदर्शन करने की इजाजत होनी चाहिए।
- 12 Oct 2025 10:25 AM IST
अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक भीषण हेलीकॉप्टर हादसा
अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक भीषण हेलीकॉप्टर हादसा हुआ है। हादसा स्थानीय समयानुसार, शनिवार दोपहर करीब दो बजे कैलिफोर्निया के हंटिंग्गटन स्ट्रीट और पैसिफिक कोस्ट हाइवे के नजदीक हुआ। इस हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। हादसे के वक्त दो लोग हेलीकॉप्टर में सवार थे, जिन्हें हादसे के बाद हेलीकॉप्टर से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं तीन अन्य लोग हादसाग्रस्त हेलीकॉप्टर की चपेट में आकर घायल हो गए।
- 12 Oct 2025 10:12 AM IST
विपक्ष वोट की राजनीति के लिए घुसपैठियों की लड़ाई लड़ रहा- जगदंबिका पाल
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने संकल्प लिया है कि भारत से घुसपैठियों को बाहर किया जाएगा। दुनिया देख रही है कि विपक्ष वोट की राजनीति के लिए इनकी लड़ाई लड़ रहा है। भाजपा सांसद ने अमित शाह के घुसपैठ पर दिए बयान को लेकर कहा कि भारत की संपत्ति, योजनाओं और सुविधाओं का लाभ केवल भारत के नागरिकों को मिलना चाहिए।
- 12 Oct 2025 9:52 AM IST
गुरुग्राम में एनकाउंटर बंबीहा गैंग के दो शार्प शूटर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सेक्टर-39 और सेक्टर-40 की क्राइम ब्रांच की टीम ने एक मुठभेड़ के बाद कुख्यात बंबीहा गैंग के दो शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है। यह एनकाउंटर गुरुग्राम के मैदावास गांव के पास हुआ।
- 12 Oct 2025 9:49 AM IST
सोनीपत में तेज रफ्तार कार रोड रोलर से टकराई, कांग्रेस नेता के बेटे समेत 4 की मौत
जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर शनिवार मध्यरात्रि भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें चार युवकों की मौत हो गई। हादसा सोनीपत के गोहाना क्षेत्र में रूखी टोल टैक्स के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार सड़क निर्माण कार्य में लगे रोड रोलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
- 12 Oct 2025 9:23 AM IST
बिहार विधानसभा चुनाव भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की दिल्ली में होगी अहम बैठक, उम्मीदवारों के नामों पर मुहर संभव
भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बिहार विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने के लिए रविवार शाम 6:30 बजे पार्टी मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक होगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता चुनावी रणनीति पर विचार-विमर्श करने और राज्य की सभी प्रमुख सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची तैयार करने के लिए बैठक में उपस्थित रहेंगे। बैठक के बाद भाजपा उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी की जा सकती है।
Created On :   12 Oct 2025 8:00 AM IST












