Breaking News: आज की बड़ी खबरें 12 अक्टूबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 12 Oct 2025 9:16 AM IST
रविवार को तमिलनाडु के 10 जिलों में भारी बारिश का अनुमान
तमिलनाडु में एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है। चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम केंद्र (आरएमसी) ने रविवार को राज्य के कई हिस्सों में तेज वर्षा की संभावना जताई है। नवीनतम मौसम बुलेटिन के अनुसार, लगभग दस जिलों में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हो सकती है।
- 12 Oct 2025 9:13 AM IST
महिला विश्व कप वनडे फॉर्मेट में कैसा है भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच रिकॉर्ड?
भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें महिला विश्व कप 2025 के 13वें मैच में आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। आइए, जानते हैं कि भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमों के बीच महिला वनडे क्रिकेट का इतिहास कैसा रहा है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच साल 1978 से अब तक कुल 59 वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने 48 मैच अपने नाम किए। वहीं, भारतीय टीम 11 मैच जीत सकी।
- 12 Oct 2025 9:04 AM IST
शटडाउन के बीच ट्रंप ने सैनिकों को वेतन देने के लिए पेंटागन को आदेश दिया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर बताया कि उन्होंने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को निर्देश दिया है कि वे सभी उपलब्ध धनराशि का उपयोग करके यह सुनिश्चित करें कि सैनिकों को 15 अक्टूबर को उनका वेतन मिल जाए। यह फैसला उस समय लिया गया है जब अमेरिका की संघीय सरकार शटडाउन जारी है।
- 12 Oct 2025 8:49 AM IST
यूक्रेन की वायु रक्षा को मजबूत करने के लिए जेलेंस्की ने की ट्रंप से फोन पर बात
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने देश की वायु रक्षा को मजबूत करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ फोन पर बात की। जेलेंस्की ने अपने देश की ऊर्जा प्रणाली पर रूस के हमलों के बारे में जानकारी दी। बातचीत के दौरान ट्रंप ने जेलेंस्की की बातों का समर्थन किया और लक्ष्य प्राप्ति के लिए ठोस समझौतों पर भी चर्चा की।
- 12 Oct 2025 8:30 AM IST
मध्य प्रदेश नृशंस हत्या के दोषी चंपालाल को मौत की सजा, डीएनए साक्ष्य बना निर्णायक
खंडवा स्थित द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश अनिल चौधरी की खंडवा अदालत ने एक ऐतिहासिक फैसले में 23 वर्षीय चंपालाल उर्फ नंदू पुत्र जालम मेहर को मौत की सजा सुनाई। छनेरा गांव, पंधाना निवासी आरोपी को 12 दिसंबर, 2024 को रामनाथ बिलोटिया की नृशंस हत्या के लिए दोषी ठहराया गया था। यह मामला पीड़ित की पत्नी शांति बाई बिलोटिया द्वारा पंधाना पुलिस थाने में दर्ज कराई गई एक भयावह घटना से जुड़ा है।
- 12 Oct 2025 8:18 AM IST
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख मिस्र में गाजा शांति शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस सोमवार को मिस्र के शहर शर्म अल-शेख में होने वाले “शांति सम्मेलन” में शामिल होने जा रहे हैं। यह जानकारी संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता कार्यालय ने दी। कार्यालय के अनुसार, "महासचिव सोमवार को शर्म अल-शेख में शांति शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मिस्र जा रहे हैं। उनके बुधवार को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय लौटने की उम्मीद है।"
- 12 Oct 2025 8:04 AM IST
पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार राजस्थान निवासी को 3 दिन की पुलिस रिमांड
पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार राजस्थान निवासी मंगत सिंह को शनिवार को एक विशेष अदालत ने तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
Created On :   12 Oct 2025 8:00 AM IST












