Breaking News: आज की बड़ी खबरें 14 सितंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटी खास बातें। जानिए भरोसेमंद की बड़ी खबरें।
Live Updates
- 14 Sept 2025 3:33 PM IST
सीबीआई ने नासिक में दो अवैध कॉल सेंटरों का किया भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने नासिक में चल रहे दो अवैध कॉल सेंटरों का भंडाफोड़ किया है। सीबीआई ने इस साइबर धोखाधड़ी के मामले में दो निजी व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। इन कॉल सेंटरों को मेसर्स स्वगन बिजनेस सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के नाम से चलाया जा रहा था। सीबीआई ने 11 सितंबर को चार निजी व्यक्तियों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोप है कि आरोपी बीमा एजेंट और सरकारी अधिकारी बनकर ब्रिटेन के नागरिकों से धोखाधड़ी करते थे। सीबीआई को जांच में पता चला कि इन अवैध कॉल सेंटरों में लगभग 60 लोग काम करते थे। वे वीओआईपी, फर्जी नंबरों और जाली दस्तावेजों का उपयोग करके लोगों को धोखा देते थे। इसके बाद उनके क्रेडिट और डेबिट कार्ड की जानकारी मांग लेते थे और फिर उन्हें ऐसी बीमा पॉलिसी बेचते थे, जिनका कोई अस्तित्व नहीं था।
- 14 Sept 2025 3:11 PM IST
कठुआ में आपदा के बाद बीआरओ की त्वरित कार्रवाई पेडू नाला मार्ग बहाल, वाहनों की आवाजाही शुरू
जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में 17 अगस्त को बादल फटने की विनाशकारी घटना के बाद महानपुर के पास स्थित पेडू नाले पर बना पुल और निर्माणाधीन नया पुल तेज भूस्खलन और मलबे की चपेट में आकर बह गया था। इस आपदा के कारण रणजीत सागर डैम से महानपुर के बीच का महत्वपूर्ण मार्ग पूरी तरह बंद हो गया और यातायात ठप हो गया। लगातार बारिश, मलबे का भारी जमाव, क्षतिग्रस्त पुल के हिस्सों का चारों ओर बिखरना और वैकल्पिक सड़कों के भी बंद हो जाने से हालात बेहद चुनौतीपूर्ण हो गए थे। ऐसे कठिन हालात में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के प्रोजेक्ट संपर्क की 69 रोड कंस्ट्रक्शन कंपनी (आरसीसी) ने कमांडर एसके सिंह, कमांडर 35 बॉर्डर रोड्स टास्क फोर्स (बीआरटीएफ), उधमपुर के नेतृत्व में बड़े पैमाने पर बहाली अभियान शुरू किया।
- 14 Sept 2025 3:00 PM IST
यूपी को ग्लोबल पहचान देंगे एआई, बायोटेक, ग्रीन एनर्जी और एग्रीटेक आधारित उद्योग
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार 'विकसित उत्तर प्रदेश-समर्थ उत्तर प्रदेश @2047' विजन को साकार करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर रही है। इस रूपरेखा में तीन मिशन- समग्र विकास, आर्थिक नेतृत्व और सांस्कृतिक पुनर्जागरण तथा तीन थीम- अर्थ शक्ति, सृजन शक्ति और जीवन शक्ति पर जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री का स्पष्ट मत है कि अगले 22 साल में उत्तर प्रदेश की ग्लोबल पहचान भविष्योन्मुखी उद्योगों पर ध्यान केंद्रित किए बगैर नहीं प्राप्त की जा सकती है। इसके लिए सरकार का विशेष ध्यान एआई, बायोटेक, ग्रीन एनर्जी और एग्रीटेक आधारित उद्योगों पर है। इसके साथ ही सरकार प्रदेश के 12 प्रमुख सेक्टर (कृषि, औद्योगिक विकास, आईटी व इमर्जिंग टेक, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, नगर व ग्राम्य विकास, सतत विकास, पशुधन, पर्यटन, अवस्थापना और सुरक्षा-सुशासन) के जरिए भविष्य के उद्योगों की रूपरेखा तैयार करने में जुटी हुई है। इस व्यापक खाके का आर्थिक लक्ष्य 2030 तक प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर और 2047 तक 6 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है।
- 14 Sept 2025 2:55 PM IST
भाजपा विचारधारा की पार्टी, विकसित भारत है हमारा लक्ष्य जेपी नड्डा
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आंध्र प्रदेश में एनडीए सरकार बनाने के लिए जनता का आभार जताया। साथ ही, उन्होंने वाईएसआर कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन वाईएसआर सरकार भ्रष्ट थी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में आंध्र प्रदेश तरक्की की ओर आगे बढ़ रहा है। तिरुपति यात्रा के दौरान मैंने कहा था कि तत्कालीन वाईएसआर सरकार भ्रष्ट थी और बदलाव की तत्काल आवश्यकता है। मुझे खुशी है कि आपने यह बदलाव लाया और आंध्र प्रदेश में एनडीए सरकार स्थापित करने में योगदान दिया। इसके लिए मैं जनता का हृदय से धन्यवाद करता हूं।"
- 14 Sept 2025 2:45 PM IST
बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर बसपा चुनाव लड़ेगी रामजी गौतम
बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने ऐलान किया है कि वे सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। बसपा के नेता रामजी गौतम ने कहा कि पार्टी सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। पटना में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के नेता रामजी गौतम ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि पार्टी ने बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी ने इसके लिए पूरी कमर कस ली है। जंगलराज का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में जंगलराज अभी खत्म नहीं हुआ है। अपराध बेकाबू है, पटना जैसे शहरों में लूटपाट आम हो गई है, और गुंडे-मवालियों को सलाखों के पीछे डालना जरूरी है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मॉडल का जिक्र किया, जहां मायावती सरकार के समय जंगलराज खत्म कर रोजगार के अवसर पैदा किए गए थे। बिहार में उन्होंने ऐसा ही करने का वादा किया है।
- 14 Sept 2025 2:33 PM IST
सेवा पर्व को 'स्वच्छ उत्सव' के रूप में मनाएगा वन विभाग, 17 सितंबर से अभियान की शुरुआत
17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पर्व को वन विभाग 'स्वच्छ उत्सव' के रूप में भी मनाएगा। इस दौरान स्वच्छता अभियान और सिंगल यूज प्लास्टिक विरोधी अभियान, पक्षी अभयारण्यों में खर-पतवारों की सफाई के लिए भी आयोजन किया जाएगा। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों के संरक्षण आदि विषयों पर जन जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। प्रधान मुख्य वन संरक्षक और विभागाध्यक्ष सुनील चौधरी ने इस संबंध में मुख्यालय व जनपद स्तर पर सभी अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। वहीं, अभियान की देखरेख के लिए शासन व विभाग स्तर पर नोडल अधिकारी को भी नामित किया गया है।
- 14 Sept 2025 2:23 PM IST
राजस्थान विधानसभा में कैमरे को लेकर जोगाराम पटेल बोले, विपक्ष के पास नहीं बचा कोई मुद्दा
राजस्थान के संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने रविवार को जोधपुर सर्किट हाउस में जनता की समस्याएं सुनीं इस दौरान प्रेसवार्ता में कैबिनेट मंत्री ने विधानसभा में लगे कैमरों को लेकर विपक्ष के आरोपों को सिरे से नकार दिया। जोगाराम पटेल ने कहा, "न तो विधानसभा में कैमरे बढ़ाए गए हैं, न ही महिलाओं पर कोई कैमरे लगाए गए हैं। जब से विधानसभा भवन बना हुआ है, तब से कैमरे यहां लगे हुए हैं। समय को देखते हुए बस कुछ नए कैमरे लगाए गए हैं जो हाई डेफिनेशन के हैं और पुराने को निकाल दिया गया है।" जोगाराम पटेल ने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है। इसके बाद भी विपक्ष जिस तरह के आरोप लगातार लगा रहा है, वह निंदनीय है।
- 14 Sept 2025 2:10 PM IST
भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ एकतरफा जीत दर्ज करेगी कोच महेंद्र सिंह चौहान
भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीम रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के बचपन के कोच महेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक भारतीय टीम इस मुकाबले को एकतरफा जीतेगी। कोच महेंद्र सिंह चौहान ने आईएएनएस से कहा, "भारतीय टीम इस वक्त शानदार फॉर्म में है। युवा खिलाड़ी भी बेहतरीन खेल दिखा रहे हैं। शुभमन गिल, सूर्युकमार यादव, अभिषेक शर्मा और हार्दिक पांड्या शानदार फॉर्म में हैं। पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम का पलड़ा भारी नजर आता है। भारत इस मुकाबले को एकतरफा जीतेगा। मुझे लगता है कि भारत एशिया कप अपने नाम करेगा।"
- 14 Sept 2025 2:02 PM IST
जोशना चिनप्पा पहले कमांडर-इन-चीफ की परपोती, जिन्होंने स्क्वैश में लहराया परचम
भारत की मशहूर स्क्वैश खिलाड़ी जोशना चिनप्पा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश को गौरवान्वित किया है। जोशना अंडर-19 वर्ग में ब्रिटिश स्क्वैश चैंपियनशिप जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। दीपिका पल्लीकल के साथ, जोशना चिनप्पा को भारत की सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ महिला स्क्वैश खिलाड़ियों में गिना जाता है।
- 14 Sept 2025 1:13 PM IST
पश्चिम बंगाल आरजी कर मेडिकल कॉलेज की छात्रा की मौत मामले में आरोपी मंगेतर मालदा से गिरफ्तार
पुलिस ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की आदिवासी छात्रा की 12 सितंबर को रहस्यमय हालात में मौत के मामले में रविवार को उसके मंगेतर को गिरफ्तार कर लिया।
Created On :   14 Sept 2025 8:02 AM IST












