Breaking News: आज की बड़ी खबरें 16 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 16 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव
16 मई 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 16 May 2025 10:40 AM IST

    एआई और डीपफेक मामले पर आज सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट

    एआई और डीपफेक मामले को लेकर दाखिल याचिका पर सुप्रीम कोर्ट शुक्रवार को सुनवाई करेगा। एआई और डीपफेक के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए सख्त नियम बनाए जाने की मांग के साथ याचिका दाखिल की गई है। मांग की गई है कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एआई जेनरेटेड या डीपफेक कंटेंट की पहचान करने और उसे हटाने के लिए नियम बनाए जाएं। इसमें केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को पक्षकार बनाया गया है।

  • 16 May 2025 10:31 AM IST

    'खेल खेल में' के गोल्डन जुबली पर थिरकी मीनाक्षी शेषाद्रि, 'एक मैं और एक तू' पर किया कमाल का डांस

    फिल्म 'खेल खेल में' को आज रिलीज हुए 50 साल पूरे हो गए हैं। यह फिल्म 16 मई 1975 को रिलीज हुई थी। आज यह फिल्म अपनी गोल्डन जुबली मना रही है। इस खास मौके पर बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस मीनाक्षी शेषाद्रि ने फिल्म के सुपरहिट गाने 'एक मैं और एक तू' पर डांस करके अपने अंदाज में जश्न मनाया। यह गाना फिल्म का सबसे हिट सॉन्ग रहा है। इस गाने को ऋषि कपूर और नीतू सिंह पर फिल्माया गया। इस जोड़ी ने अपनी शानदार केमिस्ट्री से लोगों का दिल जीत लिया था।

  • 16 May 2025 10:20 AM IST

    मिश्रित वैश्विक संकेतों के बीच लाल निशान में खुला भारतीय शेयर बाजार

    भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को मिश्रित वैश्विक संकेतों के बीच लाल निशान पर खुला। शुरुआती कारोबार में आईटी, फाइनेंशियल सर्विस और फार्मा सेक्टर में बिकवाली देखी गई। सुबह करीब 9.29 बजे सेंसेक्स 231.64 अंक या 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82,299.10 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 49.95 अंक या 0.20 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,012.15 पर था।

  • 16 May 2025 10:06 AM IST

    यूएन में ‘अंतरराष्ट्रीय वेसाक दिवस’ पर विशेष पैनल का आयोजन, भारत ने की मेजबानी

    न्यूयॉर्क में स्थित संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय वेसाक दिवस के अवसर पर एक विशेष पैनल चर्चा का आयोजन किया। इस चर्चा का शीर्षक 'गौतम बुद्ध की शिक्षाएं– आंतरिक और वैश्विक शांति का मार्ग' था। इस कार्यक्रम में उच्च-स्तरीय राजनयिकों, विद्वानों और आध्यात्मिक नेताओं ने हिस्सा लिया। उन्होंने बुद्ध की शिक्षाओं की आज के वैश्विक चुनौतियों में प्रासंगिकता को रेखांकित किया।

  • 16 May 2025 9:53 AM IST

    इस्तांबुल में होगी रूस-यूक्रेन शांति वार्ता, पुतिन और जेलेंस्की नहीं होंगे मौजूद

    यूक्रेन और रूस के बीच लंबे समय से चल रही जंग को खत्म करने के लिए इस्तांबुल में दोनों देशों के बीच शांति बैठक होगी। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की इस बैठक में भाग नहीं लेंगे।

    यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की गुरुवार को तुर्किये की राजधानी अंकारा पहुंचे थे, जहां उन्होंने राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन के साथ वार्ता की। वार्ता के बाद अंकारा स्थित यूक्रेनी दूतावास में उन्होंने कहा, "रूस के साथ शांति वार्ता को लेकर हम गंभीर हैं। वार्ता में यूक्रेन का प्रतिनिधिमंडल भाग लेगा।"

  • 16 May 2025 9:39 AM IST

    भूकंप के झटकों से दहला चीन, 4.5 रही तीव्रता

    चीन में शुक्रवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप की तीव्रता 4.5 मापी गई है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने इसकी जानकारी दी है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, शुक्रवार सुबह भारतीय समयानुसार 6:29 बजे चीन में भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता 4.5 मापी गई और इसकी गहराई करीब 10 किलोमीटर नीचे थी, जिसका अक्षांश 25.05 उत्तर तथा देशांतर 99.72 पूर्व था।

  • 16 May 2025 9:21 AM IST

    सिक्किम राज्य के 50वें स्थापना दिवस पर द्रौपदी मुर्मू समेत अन्य राजनीतिक हस्तियों ने दी शुभकामनाएं

    सिक्किम राज्य के 50वें स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के सीएम प्रेम सिंह तमांग, देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू , उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत अन्य राजनीतिक दिग्गजों ने शुभकामनाएं दीं। सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने एक्स हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “सिक्किम राज्य बनने की 50वीं वर्षगांठ पर मैं सिक्किमवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।”

  • 16 May 2025 9:04 AM IST

    दिल्ली-एनसीआर की बिगड़ी हवा मुंडका में एक्यूआई 400 पार, नोएडा की भी स्थिति खराब

    राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को धूल भरी आंधी के बाद वायु गुणवत्ता (एक्यूआई) बिगड़ गई है। दिल्ली में शुक्रवार सुबह 7 बजे तक औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 305 अंक पर बना हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने एक्यूआई के बारे में जानकारी दी है।

  • 16 May 2025 8:54 AM IST

    कर्नल सोफिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामला मंत्री विजय शाह के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज

    कर्नल सोफिया कुरैशी विवादित टिप्पणी मामले पर सुप्रीम कोर्ट आज सुनवाई करेगा। गुरुवार को मध्यप्रदेश के मंत्री कुंवर विजय शाह की एफआईआर पर रोक लगाने से सुप्रीम कोर्ट ने इनकार कर दिया था। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि आप एक मंत्री है और ऐसे संवेदनशील समय मे एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को सोच समझकर बोलना चाहिए ।

  • 16 May 2025 8:43 AM IST

    गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भुज एयरबेस का करेंगे दौरा

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर गुजरात पहुंचेंगे। वे भुज एयरबेस भी जाएंगे । रक्षा मंत्री भारत-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र का भी दौरा करेंगे। सिंह से इस क्षेत्र में भारतीय सशस्त्र बलों की तैयारियों का मूल्यांकन करने और पाकिस्तान की असफल ड्रोन घुसपैठ के बाद मजबूत सुरक्षा उपायों की प्रभावशीलता की जांच करने की उम्मीद है। सैन्य तनाव के बीच, पाकिस्तानी सेना ने ड्रोन का उपयोग करके भारत के भुज को निशाना बनाने का प्रयास किया था।

Created On :   16 May 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story