Breaking News: आज की बड़ी खबरें 18 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 18 May 2025 3:50 PM IST
तिरंगा यात्रा भारतीय सेना के शौर्य से पाकिस्तान घुटनों पर आया- अनिल विज
देशभर में भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम के लिए तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। रविवार को हरियाणा के अंबाला में ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी को लेकर अंबाला छावनी में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारे लगाए।
- 18 May 2025 3:45 PM IST
कांग्रेस ने शशि थरूर को डेलिगेशन में शामिल करने पर सवाल उठाए, भाजपा ने कहा- उन्हें अपने सांसद पर भी भरोसा नहीं
केंद्र सरकार की ओर से विदेश जाने वाले प्रतिनिधिमंडल की सूची सामने आने के बाद कांग्रेस ने इस पर सवाल उठाया है। इस बीच, भाजपा प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को अपने कार्यकर्ताओं और सांसदों पर भी भरोसा नहीं है। भाजपा प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "कांग्रेस पार्टी को अब देश की जनता पर भरोसा नहीं रहा, न ही उसे चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट या संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा है। अब तो कांग्रेस को अपने कार्यकर्ताओं और सांसदों पर भी भरोसा नहीं रहा। कांग्रेस पार्टी को क्या हो गया है? राहुल गांधी उसे कहां ले जा रहे हैं? शशि थरूर विदेश जा रहे हैं, क्या हमें इस पर खुश होना चाहिए या आपत्ति करनी चाहिए? आखिर कांग्रेस पार्टी को हो क्या रहा है?"
- 18 May 2025 3:40 PM IST
कबाड़ गोदाम में धमाके से एक की मौत
रामपुर में रविवार दोपहर एक कबाड़ के गोदाम में तेज धमाका हुआ, जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई। मजदूर गोदाम में रखे कबाड़ को तोड़ रहा था। माना जा रहा है कि इसमें कोई केमिकल के डिब्बे भी थे, जिन पर चोट लगने से धमाका हुआ है।
- 18 May 2025 3:25 PM IST
महिलाओं और आर्मी पर विवादित टिप्पणी करने वाले प्रोफेसर पर दो मामले दर्ज
हरियाणा के सोनीपत में राई एजुकेशन सिटी में स्थित अशोका यूनिवर्सिटी में सोशल साइंस के प्रोफेसर अली खान महमूदाबाद के खिलाफ महिलाओं और भारतीय सेना पर विवादित टिप्पणी करने के आरोप में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए है। ये कार्रवाई सोशल मीडिया पर उनकी कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के बाद हुई।
- 18 May 2025 2:42 PM IST
पश्चिम विहार में स्थित एक होटल में लगी आग
दिल्ली के पश्चिम विहार स्थित एक होटल में भी भीषण आग लग गई है। आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं।
- 18 May 2025 2:31 PM IST
बसपा मुख्य नेशनल कोऑर्डिनेटर बने आकाश आनंद
बहुजन समाज पार्टी की ओर से रविवार को नेशनल बैठक आयोजित की गई। इसमें कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक में पार्टी सुप्रीमो मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को बसपा का मुख्य नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाया। उन्हें आगे के कई कार्यक्रमों की जिम्मेदारी भी दी। साथ ही सावधानी बरतते हुए पार्टी को मजबूत बनाने की सलाह दी।
- 18 May 2025 2:20 PM IST
कई शहरों में बदल गए ईंधन के रेट
आज तिरुवनंतपुरम में पेट्रोल 18 पैसे कम होकर 107.30 रुपए और डीजल 30 पैसे सस्ता होकर 96.18 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वहीं गुड़गांव में भी पेट्रोल और डीजल 07-07 पैसे घटकर क्रमश: 95.04 रुपए और 87.90 रुपए प्रति लीटर हो गया है। इसी प्रकार नोएडा में पेट्रोल 34 पैसे कम होकर 94.71 रुपए और डीजल 38 पैसे घटकर 87.81 रुपए प्रति लीटर हो गया है। जबकि, लखनऊ में पेट्रोल और डीजल 01-01 पैसे बढ़कर क्रमश: 94.69 रुपए और 87.81 रुपए प्रति लीटर हो गया है।
- 18 May 2025 2:10 PM IST
कच्चे तेल की कीमत 62 डॉलर के नीचे
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में इन दिनों गिरावट देखने को मिल रही है। लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, आज (18 मई 2025) इसकी कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है और यह ब्रेंट क्रूड ऑयल 61.75 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता नजर आया। वहीं, बीते दिन भी कच्चे तेल की कीमत घटी थी और यह 61.75 डॉलर प्रति बैरल था।
- 18 May 2025 1:55 PM IST
पाकिस्तान का समर्थन देने पर तुर्की और अजरबैजान के बहिष्कार के बीच केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी का बयान
पाकिस्तान को समर्थन देने पर तुर्की और अजरबैजान के बहिष्कार के आह्वान के बीच, केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा, "पूरे देश में आतंकवाद और आतंकवाद का समर्थन करने वालों के खिलाफ गुस्सा है। तुर्की खुलकर (पाकिस्तान के) समर्थन में सामने आया है।"
- 18 May 2025 1:48 PM IST
बांग्लादेश से भारत में कुछ वस्तुओं के एक्सपोर्ट को लेकर सपा सांसद अवधेश प्रसाद का बयान
बांग्लादेश से भारत में कुछ वस्तुओं के आयात पर लगाए गए बंदरगाह प्रतिबंधों के संबंध में, समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, "वर्तमान हालात में पूरे देश ने सरकार का समर्थन किया है, हमारी पार्टी, हमारे नेता अखिलेश यादव ने खुलकर कहा है कि सरकार देश हित में जो भी कदम उठाएगी हम उसके साथ हैं।"
Created On :   18 May 2025 8:00 AM IST