Breaking News: आज की बड़ी खबरें 20 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 20 May 2025 9:28 AM IST
नए द्विपक्षीय समझौते से ब्रिटेन-यूरोपीय संघ के संबंध दोबारा स्थापित हुए
ब्रिटेन और यूरोपीय संघ (ईयू) ने एक व्यापक समझौते की घोषणा की है। डाउनिंग स्ट्रीट के अनुसार, 2040 तक ब्रिटिश अर्थव्यवस्था के लिए लगभग 9 बिलियन पाउंड (लगभग 12.02 बिलियन डॉलर) जनरेट होने की उम्मीद है। यह समझौता लंदन में आयोजित पहली यूके-ईयू शिखर बैठक से पहले किया गया। इस बैठक को दोनों पक्षों ने "ऐतिहासिक क्षण" बताया। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने इस समझौते को आपसी संबंधों में एक "नया अध्याय" बताया।
- 20 May 2025 9:07 AM IST
अवामी लीग समर्थकों ने संयुक्त राष्ट्र में विरोध प्रदर्शन किया, पार्टी से प्रतिबंध हटाने की मांग
बांग्लादेश में अवामी लीग पर प्रतिबंध लगाए जाने के विरोध में उसके समर्थकों ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि संयुक्त राष्ट्र यह सुनिश्चित करे कि देश में लोकतंत्र फिर से कायम हो। यूएसए अवामी लीग के अध्यक्ष सिद्दीक रहमान ने कहा, "मोहम्मद यूनुस की गैरकानूनी सरकार ने अवामी लीग पर प्रतिबंध लगा दिया है, जबकि यह एक कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई पार्टी है।"
- 20 May 2025 8:55 AM IST
जेनेवा में 78वीं विश्व स्वास्थ्य सभा का आयोजन, इस बार की थीम 'वन वर्ल्ड फॉर हेल्थ'
स्विटजरलैंड के जेनेवा में 78वीं विश्व स्वास्थ्य सभा (डब्ल्यूएचए) 'वन वर्ल्ड फॉर हेल्थ' यानी "स्वास्थ्य के लिए एक विश्व" थीम के तहत शुरू हुई। सिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए, डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयसस ने कहा कि प्रत्येक डब्ल्यूएचए महत्वपूर्ण है, लेकिन इस वर्ष की सभा विशेष रूप से ऐतिहासिक है क्योंकि सदस्य देशों से महामारी समझौते पर विचार करने और संभावित रूप से इसे अपनाने की उम्मीद है।
- 20 May 2025 8:31 AM IST
उत्तर प्रदेश हरदोई में ट्रेन डिरेल करने की साजिश नाकाम, लोको पायलट की सजगता से टला बड़ा हादसा
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक बार फिर अराजक तत्वों ने रेलवे ट्रैक को निशाना बनाते हुए दो ट्रेनों को डिरेल करने की साजिश रची। हालांकि, लोको पायलट की सजगता और सूझबूझ के कारण बड़ा हादसा टल गया। यह घटना दलेलनगर-उमरताली के मध्य किलोमीटर संख्या 1129/14 पर हुई, जहां अराजक तत्वों ने रेलवे ट्रैक पर लकड़ी का गुटका और लोहे के अर्थिंग वायर रखकर 20504 नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस और 15044 काठगोदाम-लखनऊ एक्सप्रेस को निशाना बनाने की कोशिश की।
- 20 May 2025 8:20 AM IST
पंजाब पुलिस ने सशस्त्र बलों की संवेदनशील जानकारी आईएसआई को लीक करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया
पंजाब पुलिस ने एक बड़े जासूसी-विरोधी अभियान में भारतीय सशस्त्र बलों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) को लीक करने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी सोमवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान गुरदासपुर निवासी सुखप्रीत सिंह और करणबीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और .30 बोर के आठ कारतूस भी बरामद किए हैं।
- 20 May 2025 8:05 AM IST
महाराष्ट्र छगन भुजबल के मंत्री बनने की संभावना तेज, आज को हो सकता है शपथ ग्रहण
महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) (पवार गुट) के वरिष्ठ नेता और नाशिक जिले की येवला सीट से विधायक छगन भुजबल के राज्य मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को राजभवन में उनका शपथग्रहण समारोह हो सकता है।
Created On :   20 May 2025 8:00 AM IST