Breaking News: आज की बड़ी खबरें 21 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 21 May 2025 11:30 AM IST
लोगों को मिलेगी राहत, कल से शुरू होगा बुटीबोरी का फ्लाई ओवर
बुटीबोरी फ्लाई ओवर की लोड टेस्टिंग का काम अंतिम चरण में है। लगभग 5 महीने से बंद पड़े इस फ्लाई आेवर से 22 मई की शाम से यातायात दौड़ सकता है। गत वर्ष 24 दिसंबर को हुए हादसे के बाद से बुटीबोरी फ्लाई आेवर से यातायात बंद है। वाहनों की आवाजाही बंद होने से नीचे सड़क पर लंबा जाम लग रहा है।
- 21 May 2025 11:24 AM IST
चोर से डेटा साझा कर क्या न्याय की उम्मीद मुमकिन? पाकिस्तान सरकार ही तो करती है आतंकवादियों को फंडिंग संजय झा
पाकिस्तान के खिलाफ भारत के आतंकवाद विरोधी वैश्विक अभियान के तहत पहला प्रतिनिधिमंडल आज जापान रवाना होगा। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे जदयू सांसद संजय झा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बात की। उन्होंने इस डेलिगेशन के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया।
- 21 May 2025 11:14 AM IST
मुंबई बिना पहचान के सिम बेचने का खेल हुआ खत्म, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
मुंबई क्राइम ब्रांच ने बिना दस्तावेज के सिम कार्ड देने वाला युवक गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 75 सिम कार्ड्स और 2 मोबाइल जब्त किए हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मुंबई पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का नाम समीर मेहबूब खान है, जिसकी उम्र महज 23 साल है।
- 21 May 2025 11:10 AM IST
गोवा भारी बारिश के बीच इंडिगो ने अपने यात्रियों के लिए जारी की ट्रैवल एडवाइजरी
इंडिगो एयरलाइंस ने गोवा में भारी बारिश को देखते हुए अपने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में यात्रियों से कहा गया है कि वे अपने गंतव्य स्थल पर जाने से पहले अपनी फ्लाइट की जानकारी जरूर लें। एजवाइजरी में कहा गया है कि गोवा में भारी बारिश का सिलसिला जारी है। इसी को देखते हुए कई फ्लाइट्स अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं, वहीं कुछ फ्लाइट्स को डायवर्ट भी कर दिया गया है।
- 21 May 2025 11:01 AM IST
दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम से निकली खालसा तिरंगा यात्रा, महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में भी राष्ट्रध्वज थाम लोगों ने सेना का जताया आभार
ऑपरेशन सिंदूर के लिए सुरक्षा बलों के सम्मान बुधवार को तालकटोरा स्टेडियम से कर्तव्य पथ तक खालसा तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और आशीष सूद ने हरी झंडी दिखाई। वहीं, भारतीय सेना को धन्यवाद कहने के लिए महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में भी लोग सड़क पर उतरे और 'भारत माता की जय' कहते हुए आगे बढ़े। यात्रा में शामिल लोगों ने कहा कि सेना ने एक बार फिर देशवासियों का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
- 21 May 2025 10:36 AM IST
गुजरात चंडोला में अवैध अतिमक्रमण के खिलाफ दूसरे दिन भी बुलडोजर कार्रवाई जारी
गुजरात के चंडोला में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ दूसरे दिन भी कार्रवाई का सिलसिला जारी है। कल जहां अवैध बस्तियों को ढहाया गया था, वहीं आज कुछ अवैध तरीके से बनाए धार्मिक स्थलों को ध्वस्त करने की प्रक्रिया जारी है। इस कार्रवाई के बारे में संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) जयपाल एस. राठौर ने मीडिया को जानकारी दी।
- 21 May 2025 10:29 AM IST
कोविड-19 के बढ़ते मामलों की रिपोर्ट के बीच हरे निशान में खुला भारतीय शेयर बाजार
मिश्रित वैश्विक संकेतों के बीच बुधवार को भारतीय बेंचमार्क सूचकांक हरे निशान में खुले। शुरुआती कारोबार में फार्मा, ऑटो, पीएसयू बैंक और फाइनेंशियल सर्विस सेक्टर में खरीदारी देखी गई। सुबह करीब 9.35 बजे सेंसेक्स 296.53 अंक या 0.37 प्रतिशत बढ़कर 81,482.97 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 88.90 अंक या 0.36 प्रतिशत बढ़कर 24,772.80 पर था।
- 21 May 2025 10:16 AM IST
शिल्पा शेट्टी ने मनाया बेटे वियान का 13वां जन्मदिन, इंस्टाग्राम पर लिखा प्यार भरा संदेश
बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी आज अपने बेटे वियान का 13वां जन्मदिन मना रही हैं। 13 साल की उम्र यानी टीनएज की शुरुआत, इस मौके पर शिल्पा ने अपने बेटे के लिए एक प्यारा मैसेज लिखा। उन्होंने कहा कि यह उम्र अपने जुनून को समझने का समय होता है। इस उम्र में कई नई और मुश्किल चीजें सीखने की ताकत होती है।
- 21 May 2025 9:58 AM IST
सुष्मिता सेन की जीत को 31 साल पूरे, मिस यूनिवर्स बनने की सुनहरी यादें साझा
बॉलीवुड एक्ट्रेस सुष्मिता सेन आज मिस यूनिवर्स बनने की 31वीं सालगिरह मना रही हैं। इस मौके पर उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ पुरानी तस्वीरें शेयर की हैं। शेयर की गई तस्वीरें उस समय की हैं जब उन्होंने 1994 में मिस यूनिवर्स का ताज पहना था। उस समय एक्ट्रेस सिर्फ 18 साल की थीं, लेकिन उन्होंने अपने आत्मविश्वास और खूबसूरती से पूरी दुनिया को प्रभावित किया।
- 21 May 2025 9:53 AM IST
पाकिस्तानी टीवी चैनल पर दिखे राहुल गांधी, सपा नेता राम गोविंद चौधरी से पूछा सवाल तो दिया टाल
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राम गोविंद चौधरी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पाकिस्तानी टीवी चैनल पर दिखने पर कहा कि मुझे इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है, क्योंकि मैं टीवी देखता ही नहीं हूं। दरअसल, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कथित 'लापता विमानों' को लेकर सांसद राहुल ने सरकार से कुछ सवाल पूछे थे, जिसे पाकिस्तानी मीडिया अपने देश की जीत बता रहा है। इसे लेकर ही लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष से देश के भीतर सवाल किए जाने लगे हैं।
Created On :   21 May 2025 8:00 AM IST