Breaking News: आज की बड़ी खबरें 22 मई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 22 May 2025 9:37 AM IST
अमेरिका में गोलीबारी
अमेरिका में ज्यूइश म्यूजियम के बाहर भीषण फायरिंग हुई। इस गोलीबारी में 2 इजराइली नागरिकों की वाशिंगटन में मौत हो गई।
- 22 May 2025 9:20 AM IST
जापान के दौरे पर पहला डेलिगेशन
JDU सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल टोक्यो, जापान के दौरे पर है। यह प्रतिनिधिमंडल ऑपरेशन सिंदूर और आतंकवाद के खिलाफ भारत की निरंतर लड़ाई को प्रदर्शित करने के लिए जापान, इंडोनेशिया, मलेशिया, कोरिया गणराज्य और सिंगापुर का दौरा करेगा।
सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल की एक सदस्य और भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने बताया, हम सब यहां 10 दिनों की यात्रा पर हैं और हमारी यात्रा की शुरुआत राजदूत के कार्यालय से हुई। हमारे राजदूत जो जापान में कार्यरत हैं, उनकी पूरी टीम के साथ हमारी बातचीत हुई। हम जानना चाहते हैं कि पहलगाम नरसंहार को लेकर जापान का दृष्टिकोण क्या है। यदि हम यह जान लेंगे तो जापान के लोगों के साथ बातचीत में हमें बहुत ही सुविधा होगी और इसलिए आज बहुत ही विस्तारपूर्वक बातचीत हुई।
- 22 May 2025 9:05 AM IST
यमुना को स्वच्छ बनाने की योजना पर मंथन, अमित शाह की अध्यक्षता में बैठक आज
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में यमुना की सफाई को लेकर गुरुवार सुबह 11.30 बजे एक महत्वपूर्ण बैठक होगी। इस बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उपराज्यपाल विनय सक्सेना, और राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक का उद्देश्य यमुना की सफाई के लिए चल रही योजनाओं की समीक्षा करना और भविष्य की रणनीति तैयार करना है। यमुना की सफाई तीन चरणों में होनी है, जिसमें यमुना में मिलने वाले ड्रेनेज की सफाई, यमुना के तटों के सौंदर्यीकरण और नदी के प्रवाह को अविरल बनाने का प्रयास शामिल है।
- 22 May 2025 8:51 AM IST
नेतन्याहू ने दोहराया गाजा पर पूर्ण कब्जे का इरादा, ट्रंप से मतभेद की खबरों को बताया बेबुनियाद
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को गाजा पर पूरी तरह से कब्जा करने के अपने इरादे को दोहराया और युद्ध समाप्ति के लिए किसी भी प्रकार के समझौते की संभावना से इनकार किया। उन्होंने कहा कि "गाजा में 20 बंधक अब भी जीवित हैं, जबकि 38 अन्य के मारे जाने की आशंका है।" पश्चिम यरूशलम स्थित अपने कार्यालय में बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेतन्याहू ने अपनी मंशा जाहिर की।
- 22 May 2025 8:44 AM IST
पीएम मोदी आज करेंगे 103 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 86 जिलों में 103 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। यह अमृत भारत स्टेशन योजना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण को बढ़ावा देना है। इस योजना का उद्देश्य देश भर में 1,300 से अधिक रेलवे स्टेशनों को उन्नत यात्री सुविधाओं और क्षेत्रीय वास्तुकला एकीकरण के साथ आधुनिक परिवहन केंद्रों में बदलना है।
- 22 May 2025 8:22 AM IST
'मंच और माइक की व्यवस्था कर सूचित करें', तेजस्वी यादव ने मंगल पांडे को दी चुनौती
बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे पर बुधवार को बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नालंदा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक मरीज के हाथ को चूहों द्वारा कुतरे जाने की चौंकाने वाली घटना सामने आने के बाद राज्य की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली पर बड़े सवाल खड़े होते हैं। तेजस्वी यादव ने इस घटना पर कड़ा एतराज जताते हुए मंगल पांडे को बिहार में स्वास्थ्य सेवा की स्थिति पर सार्वजनिक बहस करने की चुनौती दी।
- 22 May 2025 8:16 AM IST
सीएम योगी ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के बाद उत्पन्न आपदा की स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित जनपदों के अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य शुरू करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आदेश दिया, ताकि प्रभावित लोगों को समय पर सहायता मिल सके।
- 22 May 2025 8:07 AM IST
यूपी के सिद्धार्थनगर में सांसद जगदंबिका पाल की पहल, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों से जनता को मिल रहा लाभ
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल के नेतृत्व में 'सांसद जगदंबिका पाल का सपना स्वस्थ रहे सिद्धार्थनगर अपना' के बैनर तले निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन हुआ। डुमरियागंज तहसील के गौराही बुजुर्ग और देईपार गांव में आयोजित शिविर में सांसद जगदंबिका पाल ने मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया।
Created On : 22 May 2025 8:00 AM IST