Breaking News: आज की बड़ी खबरें 26 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 26 Aug 2025 9:11 AM IST
बिहार हरतालिका तीज पर सीएम नीतीश कुमार ने दीं राज्यवासियों को शुभकामनाएं
हरतालिका तीज हिंदू संस्कृति में महिलाओं के लिए समर्पित एक पावन और शुभ पर्व है, जो विशेष रूप से सुहाग, समर्पण और आध्यात्मिक साधना का प्रतीक है। देश के कई हिस्सों में हरतालिका तीज का पर्व मनाया जा रहा है। खासतौर पर बिहार और पूर्वांचल में हरतालिका तीज पर व्रत का विशेष महत्व माना जाता है। इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
- 26 Aug 2025 8:56 AM IST
लातूर में सनसनीखेज हत्याकांड, नहर किनारे सूटकेस में मिला युवती का शव
महाराष्ट्र के लातूर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया। वाढवणा थाना क्षेत्र के शेलगाव के पास नहर किनारे एक लावारिस सूटकेस में एक युवती की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। इस सनसनीखेज मामले ने पुलिस और स्थानीय लोगों को सकते में डाल दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि युवती के साथ रेप के बाद उसकी निर्मम हत्या की गई।
- 26 Aug 2025 8:40 AM IST
पीएम मोदी आज गुजरात में मारुति सुजुकी की पहली वैश्विक इलेक्ट्रिक कार 'ई-विटारा' को दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात के अहमदाबाद में सुजुकी मोटर प्लांट का दौरा करेंगे, जहां वह हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड के स्थानीय उत्पादन का उद्घाटन करेंगे और मारुति सुजुकी के पहले वैश्विक बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन (बीईवी), ई विटारा को जापान और कई यूरोपीय देशों सहित 100 से अधिक देशों में निर्यात के लिए लॉन्च करेंगे।
- 26 Aug 2025 8:22 AM IST
प्रियंका गांधी आज बिहार में राहुल गांधी की 'वोटर अधिकार यात्रा' में शामिल होंगी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा मंगलवार को बिहार के सुपौल में 'वोटर अधिकार यात्रा' में राहुल गांधी के साथ शामिल होंगी। यह यात्रा इंडिया ब्लॉक के राज्यव्यापी अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य मतदाता अधिकारों और कथित वोट दमन के बारे में जागरूकता फैलाना है, जिसमें कांग्रेस और विपक्षी नेता सक्रिय हैं।
- 26 Aug 2025 8:10 AM IST
राजनीति में पारदर्शिता बहुत जरूरी- दिलीप जायसवाल
गंभीर आपराधिक मामलों में जेल जाने वाले पीएम-सीएम को हटाने वाले बिल को लेकर विपक्ष के विरोध पर बिहार के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कांग्रेस और विपक्ष पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस बिल का विरोध वही करेगा जिसको डर सता रहा हो।
- 26 Aug 2025 8:01 AM IST
महाराष्ट्र लातूर में तेज रफ्तार कार और बाइक की टक्कर में 3 युवकों की मौत
महाराष्ट्र के लातूर जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों को अंधकारमय कर दिया। लातूर-उमरगा मुख्य मार्ग पर दावतपुरा गांव के पास हुई इस दर्दनाक घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
Created On :   26 Aug 2025 8:00 AM IST