Breaking News: आज की बड़ी खबरें 30 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 30 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव
30 अप्रैल 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 30 April 2025 9:47 AM IST

    पहलगाम आतंकी हमले के बाद विपक्षी पार्टियों को केंद्र के साथ एकजुटता दिखानी चाहिए- मायावती

    बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने पहलगाम हमले के बाद विपक्षी पार्टियों से केंद्र सरकार का साथ देने की बात कही है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े ऐसे मामलों में राजनीति नहीं की जानी चाहिए। मायावती ने खासकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस को चेतावनी दी कि यदि इस तरह की राजनीति करते-करते बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर का अपमान किया गया तो बसपा उनके विरुद्ध सड़क पर उतर सकती है।

  • 30 April 2025 9:38 AM IST

    पीएम मोदी ने दी अक्षय तृतीया की बधाई

    देशभर में आज अक्षय तृतीया का पर्व मनाया जा रहा है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को अक्षय तृतीया की बधाई दी। साथ ही उन्होंने सफलता और संपन्नता की कामना भी की। पीएम मोदी ने एक्स अकाउंट पर लिखा, "आप सभी को अक्षय तृतीया की अनंत शुभकामनाएं। मानवता को समर्पित यह पावन पर्व हर किसी के लिए सफलता, संपन्नता और प्रसन्नता लेकर आए, जो विकसित भारत के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करे।"

  • 30 April 2025 9:24 AM IST

    गाजियाबाद पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ वांछित बदमाश बिलाल, कई संगीन मामलों में था फरार

    गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र के कुडिया गढ़ी अंडरपास के पास मंगलवार सुबह एक पुलिस मुठभेड़ में एक वांछित बदमाश को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश की पहचान बिलाल, निवासी किले वाली मस्जिद, डासना, थाना वेव सिटी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बिलाल पर गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर में करीब दो दर्जन संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

  • 30 April 2025 9:12 AM IST

    कोलकाता के ऋतुराज होटल में लगी भीषण आग, 14 की मौत

    कोलकाता के बड़ा बाजार स्थित एक होटल में लगी भीषण आग की चपेट में आने से 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया। यह घटना मंगलवार देर रात की है। कोलकाता के बड़ा बाजार के मछुआ फल मंडी स्थित ऋतुराज होटल में अचानक आग लगी थी। यह आग इतनी भीषण थी कि इसने कुछ ही देर में पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया और होटल के अंदर धुआं भर गया। इस दौरान होटल में मौजूद कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

  • 30 April 2025 9:04 AM IST

    आंध्र प्रदेश लक्ष्मी नरसिंह स्वामी मंदिर में दीवार गिरने से बड़ा हादसा, 8 श्रद्धालुओं की मौत

    बुधवार की सुबह यहां सिंहाचलम स्थित श्री वराह लक्ष्मी नरसिंह स्वामी मंदिर में वार्षिक उत्सव के दौरान दीवार गिरने से आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। भारी बारिश के कारण दीवार ढहने से ये हादसा हुआ। बुधवार को शुरू होने वाले वार्षिक उत्सव चंदनोत्सवम के दौरान दर्शन के लिए टिकट खरीदने के लिए कतार में खड़े श्रद्धालुओं पर दीवार गिर गई। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के जवान मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा अन्य विभागों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि मलबे से आठ शवों को निकाला गया और किंग जॉर्ज अस्पताल ले जाया गया। मृतकों में पांच पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं।

  • 30 April 2025 8:59 AM IST

    आतंकी हमले में जान गंवाने वाले शुभम के परिजनों से आज मिलेंगे राहुल गांधी

    जम्मू-कश्मीर के पहलगाम हमले में जान गंवाने वाले कानपुर के शुभम द्विवेदी के परिजनों से आज राहुल गांधी मिलेंगे। इस दौरान वह उनके परिजनों से मिलकर दुख व्यक्त करेंगे। राहुल गांधी के साथ प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी मौजूद रहेंगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ग्रामीण संदीप शुक्ला ने बताया कि सांसद और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी आज 3:30 पर कानपुर विमान से आ रहे हैं। इस दौरान वह पहलगाम में जान गंवाने वाले शुभम के घर जाएंगे

  • 30 April 2025 8:43 AM IST

    पाकिस्तान ने किया संघर्ष विराम का उल्लंघन

    29-30 अप्रैल की रात को पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने जम्मू और कश्मीर के नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर सेक्टरों के सामने नियंत्रण रेखा के पार बिना उकसावे के गोलीबारी शुरू कर दी। भारतीय सेना के जवानों ने तेजी से और उचित तरीके से जवाब दिया।

  • 30 April 2025 8:37 AM IST

    सपा की होर्डिंग में बाबा साहेब की तस्वीर काटे जाने पर भाजपा नेताओं ने जताई कड़ी आपत्ति

    समाजवादी पार्टी के एक होर्डिंग में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की आधी तस्वीर हटाकर उस स्थान पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीर लगाए जाने को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने इस कृत्य की तीखी आलोचना करते हुए इसे बाबा साहेब और उनके अनुयायियों का अपमान करार दिया है।

  • 30 April 2025 8:15 AM IST

    आईपीएल 2025 नरेन और चक्रवर्ती की घातक गेंदबाजी से केकेआर ने डीसी को 14 रन से हराया

    कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने आईपीएल 2025 के रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को 14 रन से हराकर प्लेऑफ की दौड़ में अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में केकेआर के गेंदबाजों सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती ने संयुक्त रूप से पांच विकेट चटकाए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। खासकर दोनों गेंदबाजों ने अपने आखिरी ओवर में दो-दो विकेट लेकर दिल्ली की उम्मीदों को झटका दिया।

  • 30 April 2025 8:08 AM IST

    पाकिस्तान दुश्मनी चाहता है तो हम तैयार हैं- फारूक अब्दुल्ला

    जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत सरकार को समर्थन देने की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान दुश्मनी चाहता है तो हम तैयार हैं। फारूक अब्दुल्ला ने कहा, "हम लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूरा समर्थन देने की बात कही है, इसके बाद हमारे साथ कोई सवाल नहीं होना चाहिए। पीएम मोदी जो करना चाहें, वो करें।"

Created On :   30 April 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story