Breaking News: आज की बड़ी खबरें 31 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 31 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव
31 जुलाई 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 31 July 2025 9:39 AM IST

    शांति वार्ता के बाद कीव पर रूस का बड़ा हवाई हमला

    यूक्रेन और रूस के बीच जंग खत्म करने को लेकर बीते हफ्ते बैठकों का दौर शुरू हुआ था, जिसमें सहमति नहीं बन सकी। अब रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बड़ा हमला कर दिया है। रूसी सेना ने राजधानी के सोलोमिंस्की जिले में हवाई हमला किया है, जिसके बाद जगह-जगह मलबा बिखरा देखा गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस का यह हमला 30 जुलाई की देर रात ड्रोन के जरिए किया गया, जिससे अलग-अलग जगहों पर भीषण आग लग गई। इसमें छह लोगों के घायल होने की खबर है।

  • 31 July 2025 9:14 AM IST

    पश्चिम और मध्य अफ्रीका में 80 हजार बच्चों को हैजा का खतरा, संयुक्त राष्ट्र की चेतावनी

    संयुक्त राष्ट्र ने पश्चिम और मध्य अफ्रीका में हैजा के बढ़ते मामलों को लेकर फिक्र जाहिर की है। यूएन ने चेताया है कि बरसात के मौसम में लगभग 80,000 बच्चे हैजा की चपेट में आ सकते हैं। सिन्हुआ ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव के उप प्रवक्ता फरहान हक के हवाले से बताया कि कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और नाइजीरिया में हैजा का प्रकोप ज्यादा है और इस वजह से पड़ोसी देशों में संक्रमण का जोखिम बढ़ गया है। इस स्थिति ने क्षेत्र में स्वास्थ्य संकट को और गहरा दिया है।

  • 31 July 2025 9:05 AM IST

    ट्रंप बोले, 'कौन जाने, हो सकता है पाकिस्तान किसी दिन भारत को बेचे तेल'

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार (भारतीय समयानुसार) घोषणा की है कि अमेरिका ने पाकिस्तान के साथ एक समझौता किया है, जिसके तहत दोनों देश मिलकर 'विशाल तेल भंडार' का संयुक्त रूप से विकास करेंगे। ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में यह तेल भारत को निर्यात किया जा सकता है।

  • 31 July 2025 8:48 AM IST

    बिहार के लखीसराय में खड़े ट्रक से जा टकराया ऑटो, तीन छात्रों की मौत, दो घायल

    बिहार के लखीसराय-जमुई बॉर्डर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस वक्त हुआ जब शिवसोना इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र परीक्षा देने के लिए जा रहे थे। ट्रेन पकड़ने के लिए छात्र सीएनजी ऑटो से स्टेशन की ओर जा रहे थे; इसी दौरान टक्कर हो गई। हादसे से घायल दोनों छात्रों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की उम्र 19 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

  • 31 July 2025 8:40 AM IST

    मुंबई कस्टम्स की बड़ी कार्रवाई, 8 करोड़ के नशीले पदार्थ जब्त, 4 गिरफ्तार

    मुंबई सीमा शुल्क विभाग के हवाई अड्डा आयुक्तालय के अधिकारियों ने बड़ी कार्रवाई की। मुंबई कस्टम्स ने 8 करोड़ के ड्रग्स को बरामद किया और इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। सूचना के आधार पर मुंबई कस्टम्स ऑफिसरों ने ड्यूटी के दौरान छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (सीएसएमआई) पर बैंकॉक से आई फ्लाइट नंबर वीज़ी760 से आए तीन यात्रियों को रोका। सामान की जांच के दौरान अधिकारियों ने 1.990 किलोग्राम संदिग्ध हाइड्रोपोनिक वीड (मारिजुआना) बरामद किया, जिसका बाजार मूल्य लगभग 2 करोड़ रुपए है।

  • 31 July 2025 8:29 AM IST

    मालेगांव बम ब्लास्ट मामला 17 साल बाद आज आएगा फैसला

    17 साल के इंतजार के बाद, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की विशेष अदालत गुरुवार को 2008 के मालेगांव बम विस्फोट मामले में अपना फैसला सुनाएगी। अदालत ने अभियोजन और बचाव पक्ष की ओर से सुनवाई और अंतिम दलीलें पूरी करने के बाद 19 अप्रैल को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।

  • 31 July 2025 8:24 AM IST

    'ऑपरेशन सिंदूर' पर चर्चा और पहले होनी चाहिए थी- पृथ्वीराज चव्हाण

    संसद के मानसून सत्र में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर चर्चा चल रही है। कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने बुधवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा और पहले होनी चाहिए थी। कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा और पहले होनी चाहिए थी, कांग्रेस पार्टी और विपक्ष ने इसकी मांग की थी। ऐसे में हमारे पास मौका होता कि संसद में सर्वदलीय प्रस्ताव लाकर बताते कि हम सरकार और सशस्त्र बलों के साथ खड़े हैं।

  • 31 July 2025 8:05 AM IST

    लद्दाख दुर्घटना पर उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने जताया दुख

    लद्दाख में हुई एक दुर्घटना में लेफ्टिनेंट कर्नल और सेना के जवान शहीद हो गए। लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने इसपर दुख जताया। उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने कहा, "यह बहुत दुखद घटना है। हालांकि, लद्दाख की सड़कें बहुत अच्छी हैं, लेकिन कुछ चुनौतीपूर्ण स्थान हैं, जिस कारण ऐसी घटनाएं हो जाती हैं। मैं शहीद के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। हादसे के पीछे क्या वजह रही, अभी इसकी पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन जब भी हमारे जवान जो देशहित के लिए काम करते हैं और फिर ऐसा हादसा होता है तो बहुत दुख होता है।"

Created On :   31 July 2025 8:03 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story