Breaking News: आज की बड़ी खबरें 6 अगस्त 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 6 Aug 2025 9:05 AM IST
कैलिफोर्निया के जंगलों में भीषण आग, सैकड़ों इमारतों पर मंडरा रहा खतरा
मध्य कैलिफोर्निया के जंगल में लगी आग ने अब तक 82,000 एकड़ (लगभग 332 वर्ग किलोमीटर) से ज्यादा इलाके को अपनी चपेट में लिया है। यह आग पिछले पांच दिनों से भयानक रूप ले चुकी है और सैकड़ों इमारतों को खतरा बना हुआ है।
- 6 Aug 2025 8:54 AM IST
संसद के मानसून सत्र का आज 13 वां दिन
संसद के मानसून सत्र का आज 13 वां दिन है। अब तक इस सत्र में अधिकतर दिनों में हंगामा हुआ। आज की कार्यवाही के दौरान भी जबरदस्त हंगामा होने के आसार हैं। लोकसभा और राज्यसभा थोड़ी देर में शुरु होगी।
- 6 Aug 2025 8:49 AM IST
सुप्रीम कोर्ट की राहुल गांधी को फटकार को ओपी राजभर ने बताया जायज
उत्तर प्रदेश के मंत्री ओपी राजभर ने सुप्रीम कोर्ट की राहुल गांधी को फटकार का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी जायज है। मंत्री ओपी राजभर ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि विपक्ष ने मन बना लिया है कि हम सिर्फ विरोध करेंगे। अगर सरकार गलत दिशा में जा रही है तो विपक्ष का काम होता है कि उसको सही करे। विपक्ष सदन में मुद्दों पर चर्चा कर सकता है। एक सिस्टम के तहत विपक्ष प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और रक्षामंत्री से वार्ता कर सकता है। जब भी राहुल गांधी विदेश जाते हैं तो भारत को कटघरे में खड़ा कर देते हैं।
- 6 Aug 2025 8:45 AM IST
नेतन्याहू ने संकेत दिया कि गाजा पर इजराइल की सैन्य कार्रवाई और तेज हो सकती है
पीएम नेतन्याहू ने एक उच्चस्तरीय सुरक्षा बैठक बुलाई जिसमें युद्ध के अगले चरण पर चर्चा हुई। नेतन्याहू ने संकेत दिया कि सैन्य कार्रवाई और तेज हो सकती है। इजराइल के पूर्व प्रधानमंत्री एहुद बराक, शिन बेट (आंतरिक सुरक्षा एजेंसी), मोसाद (जासूसी एजेंसी) और सेना के पूर्व प्रमुखों ने इसकी आलोचना करते हुए विरोध किया है।
- 6 Aug 2025 8:42 AM IST
पीएम नेतन्याहू चाहते हैं कि इजराइली सेना पूरे गाजा पर नियंत्रण करे, जबकि सेना चीफ इसके खिलाफ हैं
पीएम नेतन्याहू चाहते हैं कि इजराइली सेना पूरे गाजा पर नियंत्रण करे, जबकि सेना चीफ इसके खिलाफ हैं क्योंकि इससे बंधकों की जान को खतरा हो सकता है ,मानवीय संकट और गहरा सकता है। साथ ही इजराइल की अंतरराष्ट्रीय छवि और अधिक खराब हो सकती है। कई रिपोर्ट्स में ये दावा किया जा रहा है कि अगर पीएम नेतन्याहू ने यह फैसला थोप दिया, तो जमीर इस्तीफा भी दे सकते हैं।
- 6 Aug 2025 8:33 AM IST
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के फैसले का उन्हीं के देश के अधिकारी कर रहे है विरोध
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मंगलवार को गाजा में और अधिक सख्त सैन्य कार्रवाई के संकेत दिए, लेकिन देश के पूर्व सेना प्रमुखों और खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस फैसले का विरोध किया है। इस बीच गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अब तक युद्ध में मारे गए फलस्तीनियों की संख्या 61,000 से अधिक हो चुकी है। कई लोग भूख से तड़प रहे हैं और खाने के सामान के लिए जान जोखिम में डाल रहे हैं।
- 6 Aug 2025 8:26 AM IST
उत्तरकाशी आपदा पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीएम धामी से की बात, हरसंभव मदद का दिया आश्वासन
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली क्षेत्र में हुई बादल फटने की भयावह घटना के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीएम पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात की और घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और इस कठिन समय में प्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
- 6 Aug 2025 8:25 AM IST
भूस्खलन से चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग बंद
हिमाचल प्रदेश के मंडी और कुल्लू के बीच भारी बारिश और भूस्खलन के कारण चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग बंद है।
- 6 Aug 2025 8:17 AM IST
‘बाजीगर’ फेम दिलीप ताहिल बोले, ’अब 90 के दशक के हीरो मेरे रोल कर रहे हैं...’
वेटरन एक्टर दिलीप ताहिल ने ‘इश्क’, ‘बाजीगर’, ‘राजा’, ‘हम हैं राही प्यार के’ जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। उन्होंने आईएएनएस को दिए खास इंटरव्यू में अपने साथी कलाकारों पर तंज कसा। उनका कहना है कि अब वो उनके रोल कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ”अब वो मेरे रोल कर रहे हैं।” मगर गंभीर होते हुए उन्होंने कहा कि उनको यह यकीन है कि यह बहुत अच्छा बदलाव है।
- 6 Aug 2025 8:03 AM IST
शोवना मोहंती ओडिशा राज्य महिला आयोग की नियुक्त की गई अध्यक्ष
ओडिशा सरकार ने मंगलवार को भाजपा नेता शोवना मोहंती को ओडिशा राज्य महिला आयोग (एससीडब्ल्यू) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। नवंबर 2024 में पूर्व अध्यक्ष मिनाती बेहरा और आयोग के चार अन्य सदस्यों को हटाए जाने के बाद से अध्यक्ष का पद रिक्त पड़ा था।
Created On :   6 Aug 2025 8:00 AM IST