Breaking News: आज की बड़ी खबरें 8 नवंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।
Live Updates
- 8 Nov 2025 10:50 AM IST
पीएम मोदी 9 नवंबर को देहरादून में रजत जयंती समारोह कार्यक्रम में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 नवंबर को उत्तराखंड के स्थापना दिवस पर आयोजित रजत जयंती समारोह में हिस्सा लेंगे। पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि 9 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम को लेकर कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कार्यक्रम के दौरान आमजन को यातायात एवं आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
- 8 Nov 2025 10:40 AM IST
फिल्म ‘अकेला’ के 34 साल पूरे, जैकी श्रॉफ ने शेयर किया अमिताभ बच्चन संग फिल्म से जुड़ा एक सीन
एक्शन थ्रिलर फिल्म 'अकेला' को रिलीज हुए शनिवार को 34 साल पूरे हो गए। इस मौके पर अभिनेता जैकी श्रॉफ ने फिल्म से जुड़ी पुरानी यादों को ताजा किया। जैकी श्रॉफ ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अमिताभ बच्चन संग फिल्म से जुड़ा एक क्लिप शेयर किया, जिसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, "फिल्म 'अकेला' के 34 साल पूरे।" जैकी श्रॉफ अभिनीत 'अकेला' साल 1991 की एक एक्शन थ्रिलर फिल्म थी। इस फिल्म में जैकी श्रॉफ के साथ-साथ अमिताभ बच्चन, अमृता सिंह, मीनाक्षी शेषाद्रि, शशि कपूर, आदित्य पंचोली, और हेलेन जैसे कलाकार अहम रोल में थे। फिल्म का निर्देशन रमेश सिप्पी ने किया था और जिसे सलीम खान ने लिखा था।
- 8 Nov 2025 10:29 AM IST
सिडनी सिक्सेस 2025 मिथुन-कार्तिक की मेहनत बेकार, यूएई ने भारत को 4 विकेट से हराया
भारत को हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस 2025 में यूएई ने 4 विकेट से मात दी। इससे पहले भारतीय टीम पाकिस्तान के विरुद्ध जीत दर्ज कर चुकी थी, जिसके बाद उसे कुवैत ने 27 रन से मात दी। शनिवार को खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 6 ओवरों के खेल में 3 विकेट खोकर 107 रन बनाए। भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पारी की चौथी और पांचवीं गेंद पर क्रमश: भरत चिपली (4) और स्टुअर्ट बिन्नी (0) आउट हो गए। अगले ही ओवर में टीम को प्रियांक पांचाल (0) के रूप में तीसरा झटका लग गया।
- 8 Nov 2025 10:22 AM IST
राजधानी लखनऊ को यूनेस्को के 'क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी' के रूप में चुना
राजधानी लखनऊ को यूनेस्को के 'क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी' के रूप में चुने जाने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता से 'एक जिला-एक व्यंजन' से जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दुनिया को अप्रतिम स्वाद से परिचित कराना भी हमारा दायित्व है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को एक संदेश में कहा, "राजधानी लखनऊ को यूनेस्को ने 'क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी' के रूप में चुना है। व्यंजन बनाने में रचनात्मकता के लिए मिली यह मान्यता लखनऊ ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के विविधता से भरे खान-पान का वैश्विक सम्मान है। प्रदेश का हर जनपद, अपने अनूठे स्वाद से संस्कृति, गौरव और इतिहास को जीवंत करता है।"
- 8 Nov 2025 10:05 AM IST
अमेरिका में शटडाउन को 38 दिन
अमेरिका में शटडाउन को 38 दिन हो गए है और धीरे-धीरे इसका असर दिखने लगा है। यह अब तक का सबसे लंबा शटडाउन है। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान सबसे लंबा शटडाउन 35 दिनों का था।
एफएए ने इससे पहले बताया था कि शटडाउन के कारण कर्मचारियों की कमी के बीच सुरक्षा मानकों को बनाए रखने के लिए यह कदम आवश्यक था। इस शटडाउन के कारण हजारों हवाई यातायात नियंत्रक और परिवहन सुरक्षा प्रशासन (टीएसए) के निरीक्षक बिना वेतन के काम कर रहे हैं।
- 8 Nov 2025 9:55 AM IST
हवाई सेवाओं पर भी दिखने लगा अमेरिका में शटडाउन का असर
अमेरिका में शटडाउन का असर अब हवाई सेवाओं पर भी दिखने लगा है। अमेरिकी मीडिया के अनुसार हजार से ज्याद फ्लाइट कैंसिल कर दी गई हैं। बता दें, अमेरिकी सरकार ने पहले ही 40 एयरपोर्ट पर 10 फीसदी फ्लाइट के संचालन में कटौती की चेतावनी जारी कर दी थी।
- 8 Nov 2025 9:47 AM IST
सऊदी अरब के जेद्दा शहर पहुंचे किरेन रिजिजू
केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू शनिवार को सऊदी अरब के जेद्दा शहर पहुंचे। उनकी इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य सऊदी अरब के साथ द्विपक्षीय हज समझौते पर हस्ताक्षर करना और हज 2026 की तैयारियों की समीक्षा करना है। रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी यात्रा की जानकारी साझा की।
- 8 Nov 2025 9:35 AM IST
कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास घुसपैठ
भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया। भारतीय सेना के जवानों ने ऑपरेशन 'पिंपल' के तहत दो आतंकवादियों को ढेर कर दिया। अब इलाके की तलाशी की जा रही है।
- 8 Nov 2025 9:18 AM IST
22 से 23 नवंबर तक जोहानिसबर्ग में होने वाला है जी-20 सम्मेलन
जी-20 की अध्यक्षता दक्षिण अफ्रीका के पास है और अगले वर्ष संयुक्त राज्य अमेरिका यह पदभार ग्रहण करेगा। सम्मेलन 22 से 23 नवंबर तक जोहानिसबर्ग में होने वाला है। अमेरिका की अनुपस्थिति के बावजूद, बैठक तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगी, और इसमें विश्व आर्थिक स्थिति, ऊर्जा परिवर्तन और विकास सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
- 8 Nov 2025 9:09 AM IST
नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु रूट पर चलेंगी
नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु रूट पर चलेंगी। नई वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत के बाद इन शहरों के बीच की दूरी कम समय में पूरी हो सकेगी और सफर आरामदायक होगा। ये ट्रेनें क्षेत्रीय गतिशीलता में वृद्धि करेंगी, पर्यटन को बढ़ाएंगी और देश भर में आर्थिक कार्यकलापों को भी बढ़ावा देंगी।
बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस इस रूट पर सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी और वर्तमान में चल रही विशेष ट्रेनों की तुलना में लगभग 2 घंटे 40 मिनट का समय बचाएगी। बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस भारत के कुछ सबसे प्रतिष्ठित धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों, जैसे वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट और खजुराहो, को जोड़ेगी।
Created On :   8 Nov 2025 8:05 AM IST












