बसपा की चुनावी तैयारी तेज, कार्यकर्ता बोले- पार्टी नेतृत्व ने जो दायित्व सौंपे हैं, उसे पूरी निष्ठा से पूरा करेंगे

बसपा की चुनावी तैयारी तेज, कार्यकर्ता बोले- पार्टी नेतृत्व ने जो दायित्व सौंपे हैं, उसे पूरी निष्ठा से पूरा करेंगे
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने शनिवार को लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में पार्टी की एक विशेष बैठक को संबोधित किया। बैठक के दौरान पार्टी संगठन की जमीनी तैयारियों की समीक्षा की गई और आगामी रणनीति को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

लखनऊ, 7 फरवरी (आईएएनएस)। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने शनिवार को लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में पार्टी की एक विशेष बैठक को संबोधित किया। बैठक के दौरान पार्टी संगठन की जमीनी तैयारियों की समीक्षा की गई और आगामी रणनीति को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

बैठक के बाद बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में बताया कि मायावती ने सभी छोटे और बड़े पदाधिकारियों को बुलाकर संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता मायावती द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे।

इस बीच, बहुजन समाज पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि मायावती ने संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ पार्टी के सपोर्ट बेस को विस्तार देने और उसकी वित्तीय स्थिति को सुधारने को लेकर अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो दायित्व सौंपे हैं, उन्हें पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ निभाया जाएगा, ताकि बसपा को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत किया जा सके।

बसपा के विधानसभा इंचार्ज राम किशोर राजभर ने कहा कि मायावती हमेशा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती हैं। उन्होंने बताया कि बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनाने की दिशा में काम करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि वे पूरी ईमानदारी, सच्चे मन और लगन के साथ अपने-अपने बूथों पर जाकर बूथ कमेटियों के गठन पर विशेष ध्यान दें।

उन्होंने आगे कहा कि मायावती ने स्पष्ट किया है कि बसपा देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सर्व समाज, शिक्षा और रोजगार की बात करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि बहनजी की सरकार बनती है तो उत्तर प्रदेश में युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और सभी वर्गों को सम्मान मिलेगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Feb 2026 6:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story