बुलंदशहर पद्मश्री भारत भूषण त्यागी ने पीएम मोदी के कृषि मॉडल की सराहना की, कहा-खेती में आए बड़े परिवर्तन
बुलंदशहर, 17 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में उनके 25 साल के शासनकाल की उपलब्धियों पर चर्चा हो रही है। इसी कड़ी में बुलंदशहर में पद्मश्री से सम्मानित प्रगतिशील किसान भारत भूषण त्यागी ने पीएम मोदी के कार्यकाल में कृषि क्षेत्र में हुए बदलावों को ऐतिहासिक बताया।
भारत भूषण त्यागी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि पीएम मोदी के कार्यकाल में खेती को लेकर बहुत बड़े परिवर्तन हुए हैं। किसानों की आय में बढ़ोतरी, सहकारिता आधारित प्रौद्योगिकी विकास और युवाओं की कृषि में भागीदारी जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
उन्होंने कहा, "कृषि के लिए बहुत छोटे-छोटे बारीक मुद्दों पर भी काम किया गया है, जिसका सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है। आजादी के बाद जो हरित क्रांति हुई, उसमें प्रकृति की अनदेखी हुई और किसानों के बारे में भी ज्यादा ध्यान नहीं रखा गया। लेकिन पीएम मोदी के कार्यकाल में कृषि को लेकर रोज नए विकल्प उभर रहे हैं। कृषि को हर स्तर से मतलब किसान उत्पादक भी बने और प्रौद्योगिकी के साथ भी जुड़े और ऊर्जादाता के रूप में भी आगे बढ़े, इसको लेकर रोज नए-नए संकल्प और विकल्प उभर रहे हैं।"
भारत भूषण त्यागी ने कहा कि हम संतुष्टि के साथ कह सकते हैं कि जो भी प्रयास चल रहे हैं, उसमें किसानों को तत्काल राहत और लंबी अवधि में कैसे फायदे होंगे, वह पीएम मोदी के कार्यकाल की बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, "मैंने ऐसा देखा है कि जब भी पहले कृषि की सभा होती थी, उसमें बिजली की समस्या, गन्ने का भुगतान और कई प्रकार की समस्याएं बार-बार उभरती थीं। सामाजिक सुरक्षा के मुद्दे भी सामने आते थे, लेकिन अब किसानों की सभाओं में ये मुद्दे नहीं उठते। समय पर गन्ने का भुगतान होता है और आगे कई अवसर खोल दिए गए हैं।"
भारत भूषण ने कहा कि हम कह सकते हैं कि किसान को तत्काल राहत और लंबी अवधि तक लाभ पहुंचाने के क्षेत्र में भरपूर प्रयास किए जा रहे हैं।
एथेनॉल को लेकर चल रही चर्चाओं पर उन्होंने कहा, "यह बड़ी चिंता का विषय है कि कुछ लोग एथेनॉल को लेकर कमजोर बातें कर रहे हैं। एथेनॉल को ईंधन के रूप में प्रयोग करके ज्यादा लंबा सफर तय नहीं किया जा सकता है, इस तरह की भ्रामक बातें फैलाई जा रही हैं, जबकि यह किसानों और देश की अर्थव्यवस्था दोनों के लिए फायदेमंद है।"
उन्होंने कहा, "जब-जब किसान सिर्फ उत्पादक बने रहेंगे और बाजार द्वारा उनका शोषण होता रहेगा तो कृषि आबादी की ओर नहीं बढ़ेगी। ऐसी स्थिति में पीएम मोदी के नेतृत्व में जो भी विकास हुए हैं, उनमें प्रौद्योगिकी विकास, युवाओं की भागीदारी, कृषक उत्पादक संगठन और सहकारिता की स्थापना शामिल है। अब किसान भी उत्पादक से व्यावसायिक होने की दिशा में प्रेरित हो रहे हैं।"
युवाओं की भागीदारी पर जोर देते हुए कहा, "कोविड के बाद बहुत सारे युवा खेती की ओर बढ़ रहे हैं। प्राकृतिक खेती, जैविक खेती और रसायन मुक्त खेती की तरफ विशेष तौर पर ध्यान दिया जा रहा है। टिकाऊ अर्थव्यवस्था का आधार क्या होगा, इस पर लगातार चिंतन किया जा रहा है।"
पीएम मोदी के शासनकाल को प्रेरक बताते हुए उन्होंने कहा, "मोदी ने पीएम बनने के बाद जिस प्रकार से पूरे तंत्र को किसान और कृषि के लिए लगाया है, इसके लिए आपका साधुवाद। पीएम मोदी के 25 साल के शासनकाल में किसान, कृषि और भारत की अंतरराष्ट्रीय पहचान जो बनी है, उसके लिए पीएम मोदी का आभार।"
अंत में उन्होंने पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मोदी के लिए गौरवपूर्ण और कृतज्ञ भाव से सम्मान अर्पित करते हैं और उनकी लंबी आयु की कामना करते हैं। पीएम मोदी ने 10 हजार फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी खोलने की घोषणा करके बड़ा काम किया है। देश को आपके नेतृत्व की आवश्यकता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 Sept 2026 10:04 AM IST












