बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप सेमीफाइनल में त्रिशा-गायत्री की जोड़ी को मिली हार, ब्रॉन्ज मेडल से करना पड़ा संतोष

बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप सेमीफाइनल में त्रिशा-गायत्री की जोड़ी को मिली हार, ब्रॉन्ज मेडल से करना पड़ा संतोष
बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा है। विमेंस डबल्स के सेमीफाइनल मुकाबले में शनिवार को भारतीय जोड़ी को चीन की ल्यू शेंगशू और तान निंग के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

नई दिल्ली, 22 अगस्त (आईएएनएस)। बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा है। विमेंस डबल्स के सेमीफाइनल मुकाबले में शनिवार को भारतीय जोड़ी को चीन की ल्यू शेंगशू और तान निंग के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

71 मिनट तक चले सेमीफाइनल मुकाबले में चीनी जोड़ी ने त्रिशा-गायत्री को 18-21, 21-13, 21-8 से शिकस्त देते हुए फाइनल का टिकट हासिल किया।

इस हार के साथ ही त्रिशा और गायत्री की जोड़ी विमेंस डबल्स के फाइनल में पहुंचने वाली पहली गैर वरीयता प्राप्त जोड़ी बनने की उपलब्धि हासिल करने से भी चूक गई।

त्रिशा और गायत्री की हार के साथ ही भारत का टूर्नामेंट में सफर भी समाप्त हो गया है। भारतीय टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और देश की झोली में सिर्फ एक ब्रॉन्ज मेडल आया।

सेमीफाइनल मुकाबले की शुरुआत त्रिशा और गायत्री की जोड़ी ने शानदार अंदाज में की। त्रिशा-गायत्री ने चीनी जोड़ी को लगातार कड़ी टक्कर दी और 7-2 की बढ़त बना ली। हालांकि, इसके बाद ल्यू शेंगशू और तान निंग की जोड़ी ने वापसी की और 9 प्वाइंट हासिल करते हुए ब्रेक तक स्कोर को 11-7 से अपने पक्ष में कर लिया। मगर, भारतीय जोड़ी ने एक बार फिर कमबैक किया और गेम को 21-18 से अपने नाम कर लिया।

पहला गेम गंवाने के बाद चीनी जोड़ी दूसरे गेम की शुरुआत में पूरी तरह से हावी नजर आई। शेंगयू-निंग ने शुरुआत में ही 3-0 की बढ़त बनाई। हालांकि, त्रिशा और गायत्री ने वापसी की और ब्रेक तक 9-8 की बढ़त बना ली। मुकाबला 12-12 की बराबरी पर चल रहा था, लेकिन इसके बाद चीन की जोड़ी ने लगातार आठ अंक अर्जित किए और गेम को 21-13 से जीत लिया।

तीसरा गेम पूरी तरह से एकतरफा रहा। चीनी जोड़ी ने अपने अनुभव का फायदा उठाते हुए ब्रेक तक 11-5 की बढ़त बना ली। इसके बाद शेंगयू-निंग ने लगातार 8 प्वाइंट हासिल किए और चीन के लिए फाइनल का टिकट पक्का कर दिया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 Aug 2026 7:36 PM IST

Tags

Next Story