चचेरे भाई के नक्शेकदम पर चलने वाले राहुल चाहर , जिन्होंने गुगली से किया बल्लेबाजों को परेशान
नई दिल्ली, 3 अगस्त (आईएएनएस)। राहुल देशराज चाहर की गिनती प्रतिभाशाली लेग स्पिनर्स में होती है, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में राजस्थान और आईपीएल में विभिन्न टीमों का प्रतिनिधित्व किया। राहुल अपनी सटीक गेंदबाजी, नियंत्रण और विकेट लेने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं, जिन्होंने भारतीय टीम के लिए भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।
4 अगस्त 1999 को राजस्थान के भरतपुर में जन्मे राहुल चाहर ने अपने चचेरे भाई दीपक चाहर के साथ क्रिकेट खेलना शुरू किया था। एक तरफ दीपक चाहर ने तेज गेंदबाज के तौर पर अपनी पहचान बनाई, तो दूसरी ओर स्पिनर राहुल की खासियत उनकी लेगब्रेक गुगली थी।
शुरुआत में राहुल भी तेज गेंदबाजी ही करते थे, लेकिन उसमें इतनी धार नहीं थी। एक दिन प्रैक्टिस के दौरान राहुल ने दीपक को एक लेग-ब्रेक गेंद डाली, जिसे देखकर उन्हें लेग-स्पिनर बनने की सलाह दी गई।
दीपक चाहर की तरह राहुल ने भी राजस्थान की तरफ से रणजी ट्रॉफी खेली, उन्होंने 2016-17 में अपना फर्स्ट-क्लास और लिस्ट ए डेब्यू किया था।
राहुल चाहर को आईपीएल 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की तरफ से खेलने का मौका मिला, उन्होंने 3 मुकाबलों में 2 विकेट हासिल किए। अगले सीजन उन्हें मुबंई इंडियंस ने अपने साथ जोड़ा, जहां राहुल ने तीन सीजन में कुल 39 मुकाबले खेलते हुए कुल 41 विकेट अपने नाम किए।
साल 2022 में राहुल चाहर पंजाब किंग्स के साथ जुड़े। इस टीम के लिए उन्होंने तीन सीजन में कुल 36 मुकाबले खेलते हुए 32 विकेट निकाले। साल 2025 में उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद, जबकि साल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से 1-1 मैच खेला।
6 अगस्त 2019 को राहुल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू किया। इस साल उन्हें सिर्फ एक ही टी20 मैच की प्लेइंग इलेवन में चुना गया, जिसमें 1 विकेट निकाला। इसके बाद राहुल ने साल 2021 में पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले, जिसमें कुल 6 विकेट निकाले। जुलाई 2021 में उन्होंने श्रीलंका के विरुद्ध सिर्फ 15 रन देकर 3 विकेट हासिल किए थे। राहुल ने 23 जुलाई 2021 को अपना पहला और इकलौता वनडे मैच खेला, जिसमें 54 रन देकर 3 विकेट हासिल करने के अलावा, बल्ले से 13 रन भी बनाए।
गेंद की रफ्तार को चतुराई से बदलने में माहिर राहुल ने अपनी सटीक गुगली से बल्लेबाजों को परेशान किया है। टी20 क्रिकेट में वह रनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने में कामयाब नजर आए हैं, जिन्होंने बल्लेबाजों को अपने सामने रक्षात्मक क्रिकेट खेलने के लिए मजबूर किया है।
एक भरोसेमंद लेग स्पिनर के रूप में पहचान बनाने वाले इस खिलाड़ी ने अहम मौकों पर विकेट लेकर टीम के लिए प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन ने युवा स्पिनर्स को प्रेरित किया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 Aug 2026 8:23 PM IST












