चक्रवात 'अकवान' के कारण दक्षिण 24 परगना में भारी बारिश, नदियां और समुद्र उफान पर

चक्रवात अकवान के कारण दक्षिण 24 परगना में भारी बारिश, नदियां और समुद्र उफान पर
चक्रवात 'अकवान' का असर पश्चिम बंगाल के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। चक्रवात 'अकवान' के असर से दक्षिण 24 परगना और मिदनापुर में बारिश के साथ हवाएं चल रही हैं। बारिश को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।

कोलकाता, 20 नवंबर (आईएएनएस)। चक्रवात 'अकवान' का असर पश्चिम बंगाल के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। चक्रवात 'अकवान' के असर से दक्षिण 24 परगना और मिदनापुर में बारिश के साथ हवाएं चल रही हैं। बारिश को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।

चक्रवात 'अकवान' के प्रभाव के कारण दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर, रायदिघी, कुलपी, मगराहाट, फाल्टा और अन्य इलाकों में रात भर भारी बारिश होती रही। शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई जगहों पर हल्की बूंदाबांदी जारी है। खराब मौसम की वजह से सड़कें सुनसान हो गई हैं और जनजीवन प्रभावित हुआ है।

बारिश और तेज हवाओं से दक्षिण 24 परगना में नदियां और समुद्र उफान पर हैं। इसे देखते हुए यहां हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है, मछली पकड़ने और समुद्र तट से जुड़ी गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है, और सिविल डिफेंस के जवानों को तैनात किया गया है।

हालात को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है। जिले के दो प्रमुख पर्यटन स्थलों, बक्खाली और गंगासागर में पर्यटकों को पानी में उतरने या नहाने से रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इन जगहों पर सिविल डिफेंस के जवानों को तैनात किया गया है और समुद्र तटों पर मौजूद पर्यटकों को सतर्क करने के लिए लाउडस्पीकर से घोषणाएं की जा रही हैं।

इस बीच, लगातार हो रही बारिश के कारण धान के खेतों में पानी भर गया है, जिससे किसानों को फसल खराब होने की चिंता सता रही है। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जिले के विभिन्न प्रशासनिक कार्यालयों में कंट्रोल रूम खोले गए हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को बारिश और तेज हो सकती है।

मिदनापुर में चक्रवात 'अकवान' के कारण जिले के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं, बारिश के साथ-साथ घना कोहरा भी छाया हुआ है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story