चक्रवात अर्नब पर राहुल गांधी ने जताई चिंता, प्रभावित परिवारों के लिए त्वरित राहत और पुनर्वास के लिए सरकार से अनुरोध

चक्रवात अर्नब पर राहुल गांधी ने जताई चिंता, प्रभावित परिवारों के लिए त्वरित राहत और पुनर्वास के लिए सरकार से अनुरोध
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आंध्र प्रदेश में चक्रवात अर्नब और ओडिशा में भारी बारिश व बाढ़ से हुई तबाही पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए सरकारों से राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने की अपील की।

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आंध्र प्रदेश में चक्रवात अर्नब और ओडिशा में भारी बारिश व बाढ़ से हुई तबाही पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए सरकारों से राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने की अपील की।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी संदेश में कहा कि आंध्र प्रदेश में चक्रवात अर्नब से हुई तबाही और ओडिशा में भारी वर्षा एवं बाढ़ की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि उनकी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों, घरों, आजीविका और सुरक्षा की भावना को खोया है। राहुल गांधी ने संबंधित राज्य सरकारों से आग्रह किया कि कठिन समय में प्रत्येक प्रभावित परिवार तक शीघ्र राहत और पुनर्वास सहायता पहुंचाई जाए।

इस बीच आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बताया कि चक्रवात अर्नब के कारण राज्य में सात लोगों की मौत हुई है और प्रारंभिक आकलन के अनुसार करीब 4,600 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि विस्तृत सर्वेक्षण के बाद नुकसान का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को नुकसान की प्रारंभिक रिपोर्ट भेज दी है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय टीम शुक्रवार को राज्य का दौरा कर नुकसान का आकलन करेगी।

नायडू ने कहा कि कोनसीमा और पश्चिम गोदावरी जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। सरकार ने राहत शिविरों में रहने वाले परिवारों को वापस घर लौटने पर 25 किलो चावल, आवश्यक वस्तुओं का पैकेट और तत्काल खर्च के लिए वित्तीय सहायता देने का फैसला किया है।

इसके अलावा क्षतिग्रस्त प्रत्येक नारियल और ऑयल पाम के पेड़ के लिए 1,500 रुपए की सहायता देने की घोषणा की गई है। किसानों को फसल बीमा योजना के तहत भी मुआवजा दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चक्रवात के कारण अकेले कोनसीमा जिले में लगभग 8,000 बिजली के खंभे गिर गए हैं। बिजली और दूरसंचार सेवाओं को बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि एहतियाती उपायों के चलते बड़े पैमाने पर जनहानि को रोका जा सका, लेकिन सात लोगों की मौत बेहद दुखद है।

चक्रवात के बाद राहत कार्यों में लगभग 30 हजार अधिकारियों और कर्मचारियों को लगाया गया है, जबकि तेलंगाना से एक हजार बिजली कर्मियों की मदद भी मांगी गई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story