चमोली के गोपेश्वर में ट्रक ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक की मौके पर मौत
चमोली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तराखंड के चमोली जिले के मुख्यालय गोपेश्वर में एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मुकेश नेगी पुत्र कलम सिंह, निवासी लॉ कॉलेज के निकट, गोपेश्वर के रूप में हुई है। हादसा लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ पर हुआ। हादसे का समय मंगलवार देर रात बताया जा रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां युवक बाइक समेत ट्रक के नीचे बुरी तरह फंसा हुआ था। जेसीबी की मदद से उसे बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ट्रक चालक गवीलो गांव के पास सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर मारते हुए तेज गति से गोपेश्वर की ओर जा रहा था। इस दौरान पटियालधार पुलिस चौकी के पास पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक बैरिकेड तोड़कर आगे निकल गया। इसके बाद लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ पर ट्रक ने मुकेश नेगी की बाइक को टक्कर मार दी।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है। उनका आरोप है कि खनन सामग्री ढोने वाले तेज रफ्तार ट्रकों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने के कारण क्षेत्र में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रक को समय रहते रोक लिया जाता तो हादसा टाला जा सकता था।
स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने तथा तेज रफ्तार और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटनास्थल पर राजेंद्र नेगी, विनीत मेंठानी, दिनेश नेगी, जयदीप सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों को कहना है कि इससे पहले भी कई बार इस तरह के हादसे हो गए है लेकिन आज तक पुलिस और प्रशासन कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 July 2026 9:36 AM IST












