'चैम्पियन खिलाड़ी ज्यादा समय तक मुश्किल दौर से नहीं गुजरते', ऋषभ पंत को लेकर बोले जस्टिन लैंगर

चैम्पियन खिलाड़ी ज्यादा समय तक मुश्किल दौर से नहीं गुजरते, ऋषभ पंत को लेकर बोले जस्टिन लैंगर
लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के हेड कोच जस्टिन लैंगर का मानना ​​है कि कप्तान ऋषभ पंत इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन में जोरदार वापसी करेंगे। आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। लखनऊ की टीम अपने अभियान का आगाज एक अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ करेगी। लैंगर ने कहा कि पंत जैसे चैम्पियन खिलाड़ी ज्यादा देर तक मुश्किल दौर से नहीं गुजरते हैं।

नई दिल्ली, 14 मार्च (आईएएनएस)। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के हेड कोच जस्टिन लैंगर का मानना ​​है कि कप्तान ऋषभ पंत इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन में जोरदार वापसी करेंगे। आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। लखनऊ की टीम अपने अभियान का आगाज एक अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ करेगी। लैंगर ने कहा कि पंत जैसे चैम्पियन खिलाड़ी ज्यादा देर तक मुश्किल दौर से नहीं गुजरते हैं।

ऋषभ पंत से आगामी सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स को दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। खराब फॉर्म से जूझ रहे पंत इन दिनों जमकर ट्रेनिंग कर रहे हैं। हाल ही में उन्हें मुंबई में एक छोटे से कैंप में भारत के पूर्व खिलाड़ी युवराज सिंह की देखरेख में प्रैक्टिस करते देखा गया था। लैंगर ने कहा कि पंत सीजन के आगाज से पहले अच्छी लय में दिखाई दे रहे हैं।

जस्टिन लैंगर ने 'ईएसपीएन क्रिकइंफो' से कहा, "वह दमदार प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। वह अभी ट्रेनिंग कर रहे हैं। हमारा एक कैंप अभी चल रहा है, इसलिए मैं उससे कुछ दिनों में मिलूंगा। वह पूरी तरह से जोश में है और जैसा मैंने कहा कि सभी चैंपियनों की तरह वह ज्यादा देर तक मुश्किल में नहीं रहते। पिछले साल आईपीएल के आखिरी मुकाबलों में पंत ने दिखाया था कि वह कितना शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं। यही वजह है कि इस सीजन भी हमें उनसे दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है।"

उल्लेखनीय है कि ऋषभ पंत को आईपीएल 2025 के लिए हुए ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ की रिकॉर्ड बोली लगाते हुए खरीदा था। वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। इस साल जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से ठीक पहले बल्लेबाजी करते हुए पंत की पसली में खिंचाव आया था। इसके बाद से विकेटकीपर-बल्लेबाज ने कोई मैच नहीं खेला है।

आईपीएल 2025 में ऋषभ पंत का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। पंत 14 मुकाबलों में 133 के मामूली स्ट्राइक रेट से 269 रन ही बना सके थे। साल 2016 में इस टूर्नामेंट में डेब्यू करने के बाद से यह उनका सबसे खराब प्रदर्शन था। हालांकि, पंत ने पिछले सीजन के आखिरी मुकाबले में आरसीबी के खिलाफ 118 रनों की नाबाद पारी खेली थी। हालांकि, पंत की कप्तानी में लखनऊ का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था और टीम ने सातवें स्थान पर रहते हुए टूर्नामेंट का अंत किया था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 March 2026 9:15 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story