चंदौली हादसा कांग्रेस ने योगी सरकार पर उठाए सवाल, पीड़ित परिवार के लिए 1 करोड़ मुआवजा और नौकरी की मांग

चंदौली हादसा कांग्रेस ने योगी सरकार पर उठाए सवाल, पीड़ित परिवार के लिए 1 करोड़ मुआवजा और नौकरी की मांग
चंदौली में जीटी रोड चौड़ीकरण के दौरान एक प्राचीन काली माता मंदिर के ध्वस्तीकरण के समय मलबे के चपेट में आकर PWD के एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। इस बीच कांग्रेस के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने घटना को लेकर सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही, उन्होंने मृतक बलदेव यादव के परिवार को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी की है।

चंदौली, 13 जुलाई (आईएएनएस)। चंदौली में जीटी रोड चौड़ीकरण के दौरान एक प्राचीन काली माता मंदिर के ध्वस्तीकरण के समय मलबे के चपेट में आकर PWD के एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। इस बीच कांग्रेस के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने घटना को लेकर सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही, उन्होंने मृतक बलदेव यादव के परिवार को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी की है।

अजय राय ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि बलदेव यादव उस संस्था एपीसीओ में कर्मचारी थे, जो इलाके में सड़क निर्माण का काम कर रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के दौरान प्रशासन और संबंधित संस्था की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।

उन्होंने कहा कि काली माता का मंदिर एक ऐतिहासिक और सैकड़ों साल पुराना मंदिर था, जिसे पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया। अजय राय ने आरोप लगाया कि मंदिर तोड़ने के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए और रास्ते को भी बंद नहीं किया गया, जिसकी वजह से यह घटना हुई।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस मामले में गंभीर जांच की जरूरत है। उन्होंने मांग की कि मृतक बलदेव यादव के मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत दी जानी चाहिए और बच्चों के भविष्य को देखते हुए सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए।

अजय राय ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग खुद को धर्म और सनातन का रक्षक बताते हैं, उन्हीं के शासन में ऐतिहासिक मंदिरों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण योजना के तहत कई मंदिरों को तोड़ा गया है और प्रशासन को वैकल्पिक रास्ते या मंदिरों के स्थानांतरण पर विचार करना चाहिए था।

इस दौरान उन्होंने राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे के विवाद पर भी सरकार पर निशाना साधा। अजय राय ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। भक्त अपनी श्रद्धा से वहां चढ़ावा देते हैं और इन लोगों ने उसे भी नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता होनी चाहिए और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

वहीं, चंदौली में दलित छात्रा ललिता गौतम की हत्या मामले को लेकर भी अजय राय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए कहा, "हमारे प्रभारी के नेतृत्व में एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल आज पीड़ित परिवार से मिलने जा रहा है। हम न्याय के लिए लड़ेंगे और इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ़ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 July 2026 2:00 PM IST

Tags

Next Story