चंडीगढ़ सीबीआई रेड को लेकर विपक्ष आक्रामक, अकाली दल और कांग्रेस ने 'आप' सरकार को घेरा

चंडीगढ़ सीबीआई रेड को लेकर विपक्ष आक्रामक, अकाली दल और कांग्रेस ने आप सरकार को घेरा
पंजाब की राजनीति में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस के तौर पर इस्तेमाल हो रही कोठी नंबर 50 पर सीबीआई की रेड की खबर सामने आई। इस रेड के बाद विपक्ष ने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है।

चंडीगढ़, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब की राजनीति में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस के तौर पर इस्तेमाल हो रही कोठी नंबर 50 पर सीबीआई की रेड की खबर सामने आई। इस रेड के बाद विपक्ष ने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है।

पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "घर नंबर 50 - भगवंत मान का कैंप ऑफिस और वही घर जहां से उनके दिल्ली के आका पंजाब को चलाते थे, अब वहां सीबीआई की रेड पड़ रही है। इस विडंबना को नजरअंदाज करना मुश्किल है कि जिस जगह से पंजाब पर दिल्ली का 'रिमोट कंट्रोल' चलता था, वही जगह अब सीबीआई की जांच के दायरे में है। सीबीआई को सच सामने लाना चाहिए। पंजाब को चुनावी लेन-देन की प्रयोगशाला नहीं बनने देना चाहिए।"

वहीं शिरोमणि अकाली दल के महासचिव बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी इस मुद्दे पर 'आप' सरकार को घेरा। उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "भ्रष्टाचार के खेल का अंत शुरू। पंजाब के गुरु-दोखी मुख्यमंत्री के आवास के पास, चंडीगढ़ की कोठी नंबर 50 पर सीबीआई की रेड। घारचों गांव वाला राजबीर घुम्मण, जो सीएम हाउस का कर्ता-धर्ता और दलाल बना फिरता था, अब सीबीआई के रडार पर। मोहाली फेज-11 समेत कई जगहों पर सीबीआई की टीमें घुसीं। गुरु-दोखी भगवंत मान के भ्रष्टाचार के साम्राज्य का अंत शुरू हो गया है। जल्द ही भगवंत मान से भ्रष्टाचार को लेकर पूछताछ हो सकती है।"

इसके बाद एक अन्य पोस्ट में उन्होंने बताया, गुरु-दोखी के भ्रष्टाचारी साम्राज्य का अंत शुरू। उल्टी गिनती शुरू हो गई है। सीबीआई के साथ अब ईडी ने भी पंजाब भर में 8 से 10 अलग-अलग जगहों पर रेड शुरू कर दी है। 10 हजार करोड़ से ज्यादा के मामले में बहुत सारा सामान ईडी के हाथ लग चुका है, इसलिए रेड का दायरा बढ़ा दिया गया है। भगवंत मान का पंजाब लूट कर बनाया हुआ साम्राज्य अब गिरने जा रहा है इसकी उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। सब पकड़े जाएंगे। भगवंत मान को भ्रष्टाचार पर अपनी नैतिक जिम्मेवारी लेते हुए अपना त्यागपत्र देना चाहिए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   6 Oct 2026 9:19 PM IST

Tags

Next Story