चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में सीबीआई को बड़ी सफलता, फरार शार्प शूटर मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार

चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में सीबीआई को बड़ी सफलता, फरार शार्प शूटर मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को बड़ी कामयाबी मिली है। इस मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को सीबीआई ने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार सिंह के रूप में हुई है, जिसे हत्या में शामिल गैंग का शार्प शूटर बताया जा रहा है। आरोपी को सोमवार को दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे स्थित छपार टोल प्लाजा से दबोचा गया।

मुजफ्फरनगर, 18 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को बड़ी कामयाबी मिली है। इस मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को सीबीआई ने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार सिंह के रूप में हुई है, जिसे हत्या में शामिल गैंग का शार्प शूटर बताया जा रहा है। आरोपी को सोमवार को दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे स्थित छपार टोल प्लाजा से दबोचा गया।

जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद से ही सीबीआई लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान एजेंसी को सूचना मिली कि आरोपी हरिद्वार की तरफ से मुजफ्फरनगर होते हुए निकलने वाला है। इसके बाद सीबीआई की टीम ने स्थानीय छपार पुलिस के साथ मिलकर जाल बिछाया और टोल प्लाजा पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी राजकुमार सिंह पुत्र त्रिभुवन नारायण सिंह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रसड़ा थाना क्षेत्र के रत्तोपुर गांव का रहने वाला है। जांच एजेंसियों का कहना है कि वह हत्या में शामिल गैंग का सक्रिय सदस्य और शार्प शूटर है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सीबीआई उसे ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लेकर चली गई।

इस गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद आरोपी के परिवार में भी हलचल मच गई। राजकुमार सिंह के पिता त्रिभुवन नारायण सिंह ने बताया कि उनका बेटा करीब तीन दिन पहले घर से निकला था, लेकिन उसने यह नहीं बताया था कि वह कहां जा रहा है। सोमवार सुबह उन्हें सीबीआई की तरफ से फोन आया और बताया गया कि उनके बेटे को सुवेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में गिरफ्तार किया गया है।

राजकुमार के पिता ने कहा कि अगर सीबीआई निष्पक्ष तरीके से जांच करेगी तो सच सामने आ जाएगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके परिवार का पश्चिम बंगाल से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि वह खुद अयोध्या राम मंदिर निर्माण परियोजना में इलेक्ट्रिशियन का काम कर चुके हैं और मार्च महीने से घर पर ही थे।

जानकारी के अनुसार, राजकुमार सिंह ज्यादा पढ़ा-लिखा नहीं है और उसने केवल स्नातक प्रथम वर्ष तक ही पढ़ाई की है। उसके खिलाफ साल 2022 में गांव में नाली विवाद को लेकर मारपीट और हरिजन एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था।

फिलहाल सीबीआई आरोपी से पूछताछ कर रही है और चंद्रनाथ रथ हत्याकांड से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 May 2026 11:51 PM IST

Tags

Next Story