छत्तीसगढ़ चावल की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाए जा रहे 120.960 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद, 3 नवंबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने 'ऑपरेशन निश्चय' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कंटेनर वाहन में चावल की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाए जा रहे 120.960 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में उत्तर प्रदेश के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
बरामद गांजे की कीमत करीब 60.48 लाख रुपए बताई गई है, जबकि कंटेनर और अन्य सामान सहित कुल जब्ती एक करोड़ रुपए से अधिक की है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय महासमुंद से जारी जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और सरायपाली थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में भारी मात्रा में गांजा ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते रायपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खम्हारपाली आरटीओ बैरियर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कंटेनर वाहन को रोक लिया।
पूछताछ में वाहन सवारों ने अपनी पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के निवासी अमनदीप (27) और लल्लू यादव (24) के रूप में बताई। कंटेनर में चावल की बोरियां लदी होने की जानकारी दी गई, लेकिन संदेह होने पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान करीब 300 चावल की बोरियों के बीच चार बोरियों में छिपाकर रखे गए 117 पैकेट बरामद किए गए। जांच में 120.960 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 60 लाख 48 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा लगभग 30 लाख रुपए मूल्य का कंटेनर वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। कुल मिलाकर एक करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।
इस मामले में सरायपाली थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में 'फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक' की जांच जारी है। गांजे की सप्लाई चेन, स्रोत, गंतव्य और वित्तीय नेटवर्क का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। एएनटीएफ और सरायपाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
