सीजेपी प्रदर्शन के कारण ट्रेनों के रद्द होने के बीच अंबाला मंडल अलर्ट, प्रमुख स्टेशनों पर 24 घंटे निगरानी
अंबाला, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी के 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर कई ट्रेनों के निरस्त और प्रभावित होने के बीच उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल ने यात्रियों की सुविधा और रेल परिचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।
अंबाला मंडल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेनों के निरस्तीकरण और यातायात संबंधी संभावित प्रभाव को देखते हुए अंबाला, सहारनपुर और बठिंडा सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। इसका उद्देश्य यात्रियों को समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना और किसी भी स्थिति का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
मंडल ने बताया कि यात्रियों की सहायता और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी के लिए संबंधित स्टेशनों पर अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा मंडलीय नियंत्रण कक्ष में भी 24 घंटे कर्मचारियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों की शिफ्टवार ड्यूटी तय की गई है ताकि किसी भी समय स्थिति की निगरानी और समन्वय में कोई बाधा न आए।
रेलवे प्रशासन ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल और हालात पर प्रभावी नजर रखने के लिए एक विशेष वार रूम भी स्थापित किया है। इसके माध्यम से रेलवे स्टेशनों और नियंत्रण कक्ष के बीच समन्वय बनाए रखते हुए यात्रियों की समस्याओं और परिचालन संबंधी आवश्यकताओं पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
अंबाला मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले वे अपनी ट्रेन की स्थिति और नवीनतम जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अवश्य जांच लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
रेलवे के अनुसार, अंबाला मंडल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, समय पर जानकारी देने और रेल सेवाओं से जुड़ी परिस्थितियों का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन को देखते हुए नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एनसीआरटीसी) ने शुक्रवार को नमो भारत ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की।
एडवाइजरी में कहा गया है कि दिल्ली स्थित सराय काले खां और न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशनों को कुछ समय के लिए बंद रखने का फैसला किया गया है। इस दौरान इन दोनों स्टेशनों पर यात्रियों के लिए चढ़ने और उतरने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की पहले से योजना बना लें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था का उपयोग करें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Oct 2026 11:49 PM IST












